अग्निशमन विभाग के सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला: अमर भारती ने 4 दिन पूर्व उठाया था यह गंभीर मामला

पंकज चतुर्वेदी

लखनऊ। राजधानी के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। कोचिंग सेंटर से अचानक धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिसके चलते स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। फिलहाल मौके पर डीएम लखनऊ विशाख जी समेत आलाधिकारी मौके पर मौजूद हैं। गौरतलब है कि अमर भारती ने बीते 4 दिन पहले लखनऊ में अग्निशमन विभाग के सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला प्रमुखता से उठाया था।

वहीं अग्नि सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना था कि आग लगने की शुरुआती घटनाओं में फायर सिलेंडर और अन्य अग्निशमन उपकरण सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि समय रहते इनका सही तरीके से उपयोग किया जाए तो बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है। लेकिन खराब, खाली या एक्सपायर हो चुके उपकरण न केवल बेकार साबित होते हैं बल्कि लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी बन जाते हैं।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान

वहीं लखनऊ में हुई इस आग की घटना का मुख्यमंत्री ने संज्ञान लिया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को तत्काल और समुचित उपचार उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया है।