मोहनलालगंज में ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत: ट्रैक पर लेटने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

लखनऊ। राजधानी के मोहनलालगंज रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से महिला को 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, मोहनलालगंज रेलवे स्टेशन पर तैनात एक रेलकर्मी ने घटना की सूचना दी थी। रेलकर्मी ने बताया कि ट्रेन संख्या 14216 डाउन ग्राम बिदौवा के पास से गुजर रही थी, तभी एक महिला अचानक रेलवे ट्रैक पर लेट गई और ट्रेन की चपेट में आ गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एंबुलेंस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस

बाद में मृतका की पहचान निगोहां थाना क्षेत्र के अहमदपुर खालसा निवासी अजय की पत्नी कंचन (35) के रूप में हुई। घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में महिला के रेलवे ट्रैक पर लेटने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।