
लखनऊ। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को एलडीए महज 25 प्रतिशत भुगतान पर भवन का कब्जा प्रदान करेगा। इसके लिए प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में 30 जून से 02 जुलाई, 2026 तक विशेष कैम्प लगाया जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि इससे आवंटी किरायेदारी के चक्कर से मुक्त होकर अपने स्वयं के आवास में परिवार के साथ निवास कर सकेंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को भवन के मूल्य की 25 प्रतिशत धनराशि जमा कराने पर भवन का भौतिक कब्जा प्रदान किये जाने के सम्बंध में प्राधिकरण बोर्ड द्वारा प्रस्ताव पारित किया गया है। आवंटियों को इस योजना का लाभ देने के उद्देश्य से दिनांक-30 जून से 02 जुलाई, 2026 तक प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। जिसमें योजना से सम्बंधित सभी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि बसंतकुंज योजना के सेक्टर-आई एवं एन और शारदा नगर विस्तार योजना में निर्मित प्रधानमंत्री आवास के सभी आवंटियों को इसका लाभ मिलेगा।
धनराशि का भुगतान 07 वर्ष की 84 आसान किश्तों में करना होगा
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को भवन की कुल धनराशि 4,79,550 रूपये देनी होती है। इसकी 25 प्रतिशत धनराशि जमा कराने पर आवंटी के साथ रजिस्टर्ड एग्रीमेंट करके भवन का भौतिक कब्जा प्रदान कर दिया जाएगा। इसमें आवंटी को जीएसटी, अनुरक्षण शुल्क, कॉर्पस फंड समेत अन्य शुल्क भी देने होंगे। जबकि, शेष धनराशि का भुगतान 07 वर्ष की 84 आसान किश्तों में करना होगा। जिसके अंतर्गत प्रतिमाह लगभग 5,428 रूपये की किश्त आएगी।