
लखनऊ। राजधानी के नवयुग कन्या महाविद्यालय में अहिल्याबाई होल्कर संस्कृतिक क्लब के तत्वावधान में 22 जून से 29 जून 2026 तक आयोजित आत्मरक्षा, योग एवं नाट्य प्रशिक्षण कार्यशालाओं का भव्य समापन एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों के अनुरूप छात्राओं में चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास, आत्मरक्षा, अनुशासन, भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों तथा स्वस्थ जीवनशैली का विकास करना था।
नवयुग कन्या महाविद्यालय प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, चरित्र, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने छात्राओं से लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इतिहास साक्षी है कि जब-जब महिलाओं ने नेतृत्व संभाला है, समाज में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने छात्राओं को चुनौतियों से घबराने के बजाय सशक्त व्यक्तित्व का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया।

अहिल्याबाई होल्कर के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख
प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने अपने संबोधन में अहिल्याबाई होल्कर के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने एक कुशल शासक के रूप में ध्वस्त मंदिरों का जीर्णोद्धार कर सनातन संस्कृति के संरक्षण का कार्य किया। साथ ही कुटीर उद्योग को बढ़ावा देकर महेश्वरी साड़ी उद्योग की नींव रखी तथा महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने विशिष्ट अतिथियों एवं सेवानिवृत्त हो रही शिक्षिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान को प्रेरणास्रोत बताया। साथ ही 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त हो रही ऑफिस सेक्रेटरी रजनी सक्सेना के महाविद्यालय के विकास में दिए गए उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
योग, आत्मरक्षा और नृत्य-नाट्य प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित योग प्रशिक्षण कार्यशाला का संचालन योगाचार्य प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन में योगाचार्या ललिता एवं योगाचार्या श्वेता ने किया। छात्राओं ने योग की प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया। वहीं आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यशाला का संचालन जीत कूनो डी एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रशिक्षक सुधीर कुमार शर्मा ने किया। छात्राओं ने आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रभावशाली प्रदर्शन कर महिला सुरक्षा, साहस और आत्मविश्वास का संदेश दिया।

प्रतिभागी छात्राओं को सम्मानित किया गया, पौधारोपण भी हुआ
समारोह में सभी प्रशिक्षण कार्यशालाओं में सफलतापूर्वक सहभागिता करने वाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षिकाओं एवं अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अहिल्याबाई होल्कर संस्कृतिक क्लब की सदस्य डॉ. स्नेहा चौधरी, डॉ. अपूर्वा अवस्थी, डॉ. चनप्रीत कौर, डॉ. सुकन्या तिवारी तथा डॉ. अंकिता पाण्डेय का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं स्पोर्ट्स कमेटी से डॉ. ऐश्वर्या सिंह एवं दीक्षा सिंह का सहयोग भी सराहनीय रहा।