
बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कटियारा में 21 वर्षीय पॉलिटेक्निक छात्र जितेंद्र चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मंगलवार को हालात बेकाबू हो गए। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने छात्र का शव राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। पुलिस के समझाने के प्रयास के बीच स्थिति बिगड़ गई और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
मंगलवार दोपहर करीब दो बजे परिजन और ग्रामीण शव लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच गए और हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। सूचना मिलते ही रामनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हालात तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इसके बाद कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद यादव, उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र, सिपाही शिवमोहन वर्मा, मानवेंद्र सिंह सहित आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी आनंद कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया और पुलिस ने कई उपद्रवियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर निष्पक्ष जांच और विधिक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और अधिकारियों की मौजूदगी में छात्र के शव का अंतिम संस्कार कराया गया।
करीब दो घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर आवागमन सामान्य कराया। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस का कहना है कि छात्र की मौत के मामले की जांच जारी है। वहीं, पुलिस पर पथराव और कानून-व्यवस्था भंग करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।