श्रावण मास में आयोजित होगा ऐतिहासिक श्री लोधेश्वर महादेव मेला: यातायात, कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन की तैयारी

पंकज चतुर्वेदी

बाराबंकी। श्रावण मास (25 जुलाई से 23 अगस्त 2026) के अवसर पर लोधेश्वर महादेव मंदिर, रामनगर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मेले को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए डीएम ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि श्रावण मास का प्रथम सोमवार 03 अगस्त, द्वितीय सोमवार 10 अगस्त, तृतीय सोमवार 17 अगस्त एवं चतुर्थ सोमवार 24 अगस्त 2026 को पड़ेगा। इसके अतिरिक्त हरितालिका तीज 14 सितंबर 2026 को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

बाराबंकी मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित श्री लोधेश्वर महादेव धाम में श्रावण मास के दौरान प्रदेश एवं देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक एवं दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए संपूर्ण मेला क्षेत्र को 04 जोन एवं 09 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में जोनल मजिस्ट्रेट व उनके काउंटरपार्ट पुलिस उपाधीक्षक तथा प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट व निरीक्षक/थानाध्यक्ष स्तर के अधिकारियों को प्रभारी नामित किया जाएगा।

सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं: डीएम

डीएम ईशान प्रताप सिंह ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, प्रवेश-निकास द्वारों, पार्किंग स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण की जाएं तथा कावड़ियों/श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं एवं यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को अस्थायी चिकित्सालय, चिकित्सकीय दल, पर्याप्त दवाएं एवं पांच एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अभरण एवं बोहनिया तालाब पर मजबूत बैरिकेडिंग, पीएसी फ्लड कंपनी मय बोट एवं सीसीटीवी के माध्यम से सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।

विद्युत एवं अग्निशमन विभाग को आपसी समन्वय के साथ मेला अवधि में सतत निगरानी करने तथा प्रत्येक दुकान पर विद्युत सुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में श्री लोधेश्वर धाम कॉरिडोर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। ऐसे में सभी निर्माण स्थलों को मजबूत बैरिकेडिंग से सुरक्षित रूप से घेरा जाए तथा निर्माण एजेंसी द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का मेले की अवधि में प्रत्येक दशा में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

कांवड़ मार्ग एवं मेला क्षेत्र में रहेगी चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था-एसपी

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने निर्देश दिए कि असेनी बाईपास से श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर तक संपूर्ण कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कांवड़ मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, संकेतक एवं बैरिकेडिंग जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं संबंधित विभागों के समन्वय से समयबद्ध रूप से पूर्ण कराई जाएं। साथ ही कांवड़ियों की सुरक्षित एवं निर्बाध आवाजाही हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी सुनिश्चित की जाए। मेला क्षेत्र एवं कांवड़ मार्ग पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।