
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आबकारी विभाग का 71,278 करोड़ रुपये का राजस्व लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रदेश के आबकारी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पारदर्शी आबकारी नीति, तकनीकी निगरानी और सख्त प्रवर्तन के चलते विभाग के राजस्व में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। साथ ही अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ प्रदेशभर में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
नितिन अग्रवाल ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में जून 2026 तक आबकारी विभाग ने 15,809.25 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। यह पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में प्राप्त 14,228.91 करोड़ रुपये की तुलना में 1,580.34 करोड़ रुपये (11.11 प्रतिशत) अधिक है। वहीं केवल जून 2026 में विभाग को 5,173.56 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो जून 2025 में प्राप्त 4,458.23 करोड़ रुपये से 16.05 प्रतिशत अधिक है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित 71,278 करोड़ रुपये के वार्षिक राजस्व लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विभागीय अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। आधुनिक तकनीक, डिजिटल मॉनिटरिंग और पारदर्शी व्यवस्था के कारण राजस्व संग्रह में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई का ब्यौरा देते हुए मंत्री ने बताया कि जून 2026 तक प्रदेशभर में 2,65,870 छापेमारी की गई। इस दौरान 29,267 अभियोग दर्ज किए गए तथा 9 लाख लीटर अवैध शराब बरामद की गई। अभियान के दौरान 4,641 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 804 आरोपियों को जेल भेजा गया। इसके अलावा अवैध शराब की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 31 वाहनों को जब्त किया गया।
उन्होंने बताया कि केवल जून माह में चलाए गए विशेष अभियान के तहत 87,646 छापे मारे गए। इस दौरान 9,764 मुकदमे दर्ज किए गए और 2.56 लाख लीटर अवैध शराब बरामद की गई। कार्रवाई में 1,513 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 283 आरोपियों को जेल भेजा गया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 7 वाहनों को भी जब्त किया गया।
आबकारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाना है। इसके लिए प्रवर्तन अभियान आगे भी और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विभाग राजस्व वृद्धि और कानून व्यवस्था, दोनों मोर्चों पर बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।