DM की अध्यक्षता में हुई बैठक: बिना परमिट-फिटनेस वाले स्कूल वाहनों पर होगी कड़ी कार्रवाई

बाराबंकी। बाराबंकी कलेक्ट्रेट के लोकसभागार में डीएम ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं विद्यालय यान समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा और स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को लेकर व्यापक समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले सभी वाहनों का सघन निरीक्षण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना परमिट, बिना फिटनेस, बिना वैध अभिलेख अथवा सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना कोई भी विद्यालय वाहन संचालित न हो। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए।

ब्लैक स्पॉट्स पर जल्द पूरे हों सुरक्षा कार्य, अवैध कट बंद कराने के निर्देश

सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा के दौरान डीएम ने जनपद के सभी ब्लैक स्पॉट्स एवं दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर रम्बल स्ट्रिप, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर बने अवैध कटों को बंद कराने और सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखने पर भी जोर दिया।

साथ ही परिवहन एवं पुलिस विभाग को ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध नियमित प्रवर्तन अभियान चलाने, एएनपीआर और स्पीड कैमरों जैसी इलेक्ट्रॉनिक प्रवर्तन प्रणाली का अधिकतम उपयोग करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने एनएचएआई और 108 एम्बुलेंस सेवा के बेहतर समन्वय के माध्यम से सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, एडीएम निरंकार सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, एआरटीओ सहित लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, परिवहन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी तथा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।