
लखनऊ। राजधानी के ऐतिहासिक चौक सर्राफा बाजार में भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा का श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ स्वागत किया गया। चौक सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री विनोद माहेश्वरी के नेतृत्व में व्यापारियों, युवा मंडल और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भगवान श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलभद्र की आरती उतारकर पुष्पवर्षा की। पूरे सर्राफा बाजार में “जय जगन्नाथ” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

रथ यात्रा के चौक सर्राफा पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। चौक सर्राफा एसोसिएशन एवं युवा मंडल के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर पंकज अग्रवाल, विमल घनसानी, जीवन सक्सेना, शिब्बू कपूर, अतुल गुप्ता, डॉ. राजकुमार वर्मा, आदेश जैन, भोलू रस्तोगी, श्याम वर्मा, दिनेश अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, लोकेश अग्रवाल, रामशंकर वर्मा, संजीव अग्रवाल, मनीष कपूर, मनोज अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं युवा मंडल के सदस्य मौजूद रहे।

रथ यात्रा के स्वागत के दौरान हिंदू-मुस्लिम एकता और सामाजिक सौहार्द की भी प्रेरणादायी मिसाल देखने को मिली। मुस्लिम समाज के लोगों ने भी श्रद्धा और भाईचारे के साथ रथ यात्रा का स्वागत किया तथा आयोजन में सहयोग देकर गंगा-जमुनी तहज़ीब की परंपरा को मजबूत किया। सभी समुदायों के लोग एक साथ मिलकर भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा के स्वागत में शामिल हुए।
श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए मिठाई, समोसे, केले तथा विभिन्न प्रकार के शीतल पेय की व्यवस्था की गई। पूरे बाजार में जगह-जगह स्वागत द्वार और सेवा शिविर लगाए गए, जहां भक्तों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
विशेष बात यह रही कि बाजार में बंदी होने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में लोग केवल भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन और रथ यात्रा के स्वागत के लिए पहुंचे। पूरे आयोजन में आस्था, सेवा, भाईचारे और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिला।