Ormax Media की रिपोर्ट के मुताबिक 2026 के पहले छह महीनों में धुरंधर 2 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म रही।

नई दिल्ली/अमर भारती। साल 2026 के शुरुआती छह महीने भारतीय सिनेमा के लिए बेहद खास रहे। जनवरी से जून तक बॉलीवुड से लेकर साउथ और रीजनल सिनेमा तक कई बड़ी फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हुईं। कुछ फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाई करते हुए ब्लॉकबस्टर का तमगा हासिल किया, तो कुछ फिल्में दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकीं।
अब Ormax Media ने साल 2026 के शुरुआती छह महीनों की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में जनवरी से जून के बीच भारतीय बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 10 फिल्मों को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि इस लिस्ट में बॉलीवुड के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, मलयालम और मराठी सिनेमा की फिल्मों ने भी अपनी जगह बनाई है। तो चलिए जानते हैं कि साल 2026 की पहली छमाही में बॉक्स ऑफिस पर किस फिल्म ने नंबर 1 का ताज अपने नाम किया और कौन-सी फिल्म 10वें पायदान पर रही।
1. धुरंधर 2 – ₹1,277 करोड़
साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का खिताब धुरंधर 2 यानी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने अपने नाम किया है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए करीब 1,277 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, संजय दत्त, राकेश बेदी और आर. माधवन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए। फिल्म की कहानी, दमदार एक्शन और स्टारकास्ट को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। यही वजह है कि ‘धुरंधर 2’ ने बाकी फिल्मों को काफी पीछे छोड़ते हुए नंबर 1 पर कब्जा कर लिया।
2. बॉर्डर 2 – ₹378 करोड़
लिस्ट में दूसरे नंबर पर सनी देओल स्टारर ‘बॉर्डर 2’ है। फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 378 करोड़ रुपये की कमाई की। यह वॉर ड्रामा फिल्म देशभक्ति और युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में सनी देओल के साथ दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी ने अहम भूमिकाएं निभाईं। फिल्म को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली और यह साल की बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हो गई।
3. मना शंकरा वारा प्रसाद गारू – ₹255 करोड़
साउथ सुपरस्टार चिरंजीवी की फिल्म ‘मना शंकरा वारा प्रसाद गारू’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। फिल्म ने करीब 255 करोड़ रुपये का कलेक्शन करते हुए इस लिस्ट में तीसरा स्थान हासिल किया है। फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला और चिरंजीवी की स्टार पावर का असर बॉक्स ऑफिस पर साफ नजर आया।
4. करुप्पु – ₹229 करोड़
तमिल सुपरस्टार सूर्या की फिल्म ‘करुप्पु’ इस लिस्ट में चौथे नंबर पर है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 229 करोड़ रुपये की कमाई की।सूर्या की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और फिल्म की कहानी को दर्शकों ने काफी पसंद किया। फिल्म की सफलता ने एक बार फिर साबित किया कि साउथ सिनेमा का भारतीय बॉक्स ऑफिस पर दबदबा लगातार बढ़ रहा है।
5. भूत बंगला – ₹203 करोड़
अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की चर्चित जोड़ी की फिल्म ‘भूत बंगला’ ने टॉप 5 में जगह बनाई है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 203 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। कॉमेडी और हॉरर के मिश्रण वाली इस फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही।
6. द राजा साब – ₹172 करोड़
प्रभास स्टारर ‘द राजा साब’ इस लिस्ट में छठे स्थान पर है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 172 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। प्रभास की लोकप्रियता के बावजूद फिल्म का प्रदर्शन टॉप 5 फिल्मों की तुलना में थोड़ा कमजोर रहा, लेकिन इसके बावजूद यह साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल होने में सफल रही।
7. वेलकम टू द जंगल – ₹164 करोड़
अक्षय कुमार की एक और फिल्म ने इस लिस्ट में जगह बनाई है। अहमद खान के निर्देशन में बनी ‘वेलकम टू द जंगल’ ने करीब 164 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। फिल्म में कॉमेडी और मल्टीस्टारर कास्ट का तड़का देखने को मिला। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म अभी सिनेमाघरों में लगी हुई है, ऐसे में इसके कलेक्शन में आगे और इजाफा हो सकता है।
8. वाझा 2 – ₹141 करोड़
मलयालम सिनेमा की कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘वाझा 2’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। सविन एस. ए. के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने करीब 141 करोड़ रुपये की कमाई की और टॉप 10 लिस्ट में आठवें स्थान पर जगह बनाई। यह फिल्म इस बात का उदाहरण है कि क्षेत्रीय सिनेमा की फिल्में अब देशभर के दर्शकों तक पहुंच बना रही हैं।
9. दृश्यम 3 – ₹129 करोड़
मोहनलाल स्टारर मलयालम सस्पेंस थ्रिलर ‘दृश्यम 3’ इस लिस्ट में नौवें नंबर पर है। जीतू जोसेफ के निर्देशन में बनी फिल्म ने करीब 129 करोड़ रुपये की कमाई की। ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता का फायदा इस फिल्म को भी मिला। सस्पेंस और थ्रिल से भरपूर इस फिल्म ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफलता हासिल की।
10. राजा शिवाजी – ₹113 करोड़
रितेश देशमुख स्टारर और निर्देशित ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म ‘राजा शिवाजी’ ने टॉप 10 में आखिरी स्थान हासिल किया है। फिल्म ने करीब 113 करोड़ रुपये का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया। ऐतिहासिक विषय और मराठा गौरव से जुड़े कंटेंट ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
200 करोड़ क्लब में शामिल हुईं 5 फिल्में
Ormax Media की इस लिस्ट की सबसे खास बात यह है कि टॉप 10 में शामिल पांच फिल्मों ने 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया है। इनमें सबसे आगे धुरंधर 2 है, जिसने 1,277 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की। इसके बाद बॉर्डर 2, मना शंकरा वारा प्रसाद गारू, करुप्पु और भूत बंगला का नंबर आता है।
वहीं, टॉप 10 में शामिल बाकी पांच फिल्मों ने भी 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है। कुल मिलाकर 2026 का पहला हाफ भारतीय सिनेमा के लिए बेहद शानदार रहा है। बॉलीवुड के साथ-साथ साउथ और रीजनल सिनेमा की फिल्मों ने भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। अब नजर साल के दूसरे छह महीनों पर है, जहां कई बड़ी फिल्मों की रिलीज होनी बाकी है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या कोई फिल्म ‘धुरंधर 2’ के रिकॉर्ड को चुनौती दे पाती है या नहीं।
यहां भी पढ़ें-