
पंकज चतुर्वेदी
बाराबंकी। महाभारत कालीन प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा धाम में प्रस्तावित महादेवा कॉरिडोर के शिलान्यास को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 20 जुलाई को महादेवा धाम पहुंचने की संभावना के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। हालांकि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है, लेकिन शासन स्तर पर चल रही तैयारियों और संकेतों के आधार पर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
हेलीपैड से लेकर जनसभा स्थल तक तैयारियों की निगरानी
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर, हेलीपैड, जनसभा स्थल और वीआईपी मार्गों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा सहित सभी विभागों को अपनी तैयारियां अंतिम चरण में रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि शासन से जैसे ही आधिकारिक कार्यक्रम प्राप्त होगा, सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देकर अमल में ला दिया जाएगा।
महादेवा कॉरिडोर से बदलेगी लोधेश्वर धाम की तस्वीर
महादेवा कॉरिडोर परियोजना के पूरा होने के बाद लोधेश्वर महादेवा धाम को आधुनिक धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित योजना के तहत मंदिर तक चौड़ा श्रद्धालु मार्ग, फोरलेन संपर्क मार्ग, विशाल पार्किंग क्षेत्र, गोमती तट का सौंदर्यीकरण, भव्य आरती स्थल, परिक्रमा पथ, हाईटेक शौचालय, विश्राम गृह, प्रतीक्षालय, शुद्ध पेयजल व्यवस्था और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके अलावा परिसर में म्यूरल पेंटिंग, हरित क्षेत्र और फसाड लाइटिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं भी परियोजना का हिस्सा होंगी, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सकेगा।
सावन और शिवरात्रि में लाखों श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
लोधेश्वर महादेवा धाम प्रदेश के प्रमुख शिवधामों में शामिल है, जहां सावन माह और महाशिवरात्रि के दौरान लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। हर वर्ष भारी भीड़ के कारण जाम, पार्किंग और मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं सामने आती रही हैं। महादेवा कॉरिडोर बनने के बाद श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन, पर्याप्त पार्किंग और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे न केवल श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी नया आयाम मिलने की उम्मीद है।
सीएम योगी के संभावित दौरे को लेकर भाजपा संगठन भी सक्रिय
सीएम योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को लेकर भाजपा संगठन भी सक्रिय हो गया है। पार्टी पदाधिकारी लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं को विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग की जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जैसे ही मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा होगी, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा तथा सभी विभागों की संयुक्त टीमें मौके पर तैनात कर दी जाएंगी।
स्थानीय लोगों में उत्साह, विकास और रोजगार की उम्मीद
महादेवा कॉरिडोर परियोजना को लेकर स्थानीय व्यापारियों, श्रद्धालुओं और मंदिर से जुड़े लोगों में खासा उत्साह है। उनका मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने से रामनगर क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। स्थानीय पुजारी पंडित श्यामू अवस्थी ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों महादेवा कॉरिडोर का शिलान्यास होता है तो यह क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।