अनुपम मिश्रा बने RLD के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष: बूथ स्तर तक मजबूती पर रहेगा फोकस

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल ने उत्तर प्रदेश में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी के निर्देश पर राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा को उत्तर प्रदेश का कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है। इसकी जानकारी पार्टी के उत्तर प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने दी। उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। पार्टी नेतृत्व का स्पष्ट संदेश है कि संगठन में मेहनत, निष्ठा, लगन और कार्यकुशलता के आधार पर ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं।

मयंक त्रिवेदी ने बताया कि अनुपम मिश्रा लंबे समय से राष्ट्रीय लोकदल की केंद्रीय टीम के प्रमुख सदस्य रहे हैं और उन्होंने संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। वे राष्ट्रीय सचिव, राष्ट्रीय प्रवक्ता, टीम आरएलडी के राष्ट्रीय संयोजक, झारखंड प्रभारी तथा युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए संचालित ‘सारथी’ कार्यक्रम के संचालन जैसी अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं। उनकी संगठनात्मक क्षमता, नेतृत्व कौशल और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय को देखते हुए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी सौंपी है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश कार्यकारिणी के पुनर्गठन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को नई गति देने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करेगा तथा चुनावी तैयारियां मजबूत होंगी।

वरिष्ठ नेताओं ने दी शुभकामनाएं

अनुपम मिश्रा के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, संसदीय दल के अध्यक्ष के.सी. त्यागी, सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान एवं चंदन चौहान, विधायक अजय कुमार, प्रसन्न चौधरी, मिथिलेश पाल, मदन भैया, गुलाम मोहम्मद, प्रदीप चौधरी और योगेश नौहवार सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इसके अलावा प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष अम्बुज पटेल, युवा राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र सिंह पटेल, पूर्व युवा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र सिंह निमेष, छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडे, श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेश पाल धनगर, राष्ट्रीय सचिव डॉ. सर्वेश त्रिपाठी, महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव शालिनी सिंह, सोनिका आनंद, आदित्य विक्रम सिंह, रजनीकांत मिश्रा, प्रीति श्रीवास्तव, सम्राट सिंह, रामावती तिवारी, आरिफ महमूद सहित पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने अनुपम मिश्रा का स्वागत करते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

मयंक त्रिवेदी ने विश्वास जताया कि अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में पार्टी का संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल के बेहतर प्रदर्शन के लिए एकजुट होकर कार्य करेंगे।