IT कॉलेज में नवप्रवेशी छात्राओं का दो दिवसीय अभिविन्यास कार्यक्रम: 27 जुलाई से नियमित कक्षाएं होंगी शुरू

लखनऊ। आईटी कॉलेज, लखनऊ में शुक्रवार को नवप्रवेशी छात्राओं के लिए दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज गीत एवं यीशु की प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मेजर नीरजा मसीह ने कॉलेज के प्रेसिडेंट डॉ. ई.एस. चार्ल्स, समस्त संकाय सदस्यों एवं प्रवक्ताओं का परिचय छात्राओं से कराया। उन्होंने नई छात्राओं का नए शैक्षणिक सत्र में स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय की गौरवशाली परंपराओं, इतिहास और अनुशासन की महत्ता से अवगत कराया।

इस दौरान प्राचार्या ने छात्राओं से निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने, महाविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सम्मान करने तथा परिसर में अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) की प्रमुख विशेषताओं की भी संक्षिप्त जानकारी दी।

विभिन्न सह-पाठ्यक्रम और व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों की मिली जानकारी

कार्यक्रम के दौरान पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से छात्राओं को महाविद्यालय की विभिन्न सह-पाठ्यक्रम एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी गई। इसमें एनसीसी, एनएसएस, एसजीए, एससीएम, चैपल, कॉलेज एक्टिविटीज़ और सर्विस लर्निंग जैसे कार्यक्रमों से परिचित कराया गया। दो दिवसीय ओरिएंटेशन के दौरान छात्राओं को कॉलेज स्पोर्ट्स, अवॉर्ड सेरेमनी, आर्बर डे, फाउंडर्स डे, डिजिशक्ति, नैक, इंटरनल असेसमेंट सहित महाविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

नए सत्र की नियमित कक्षाओं का संचालन

इसके अलावा नवप्रवेशी छात्राओं की सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतिभा को पहचानने और निखारने के उद्देश्य से उन्हें अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर भी प्रदान किया गया। आईटी कॉलेज प्रशासन के अनुसार 27 जुलाई को पोर्टल सेरेमनी के उपरांत नवप्रवेशी छात्राओं का परिसर भ्रमण कराया जाएगा, जिसके बाद नए सत्र की नियमित कक्षाओं का संचालन प्रारंभ होगा।