NEET Paper Leak Network कैसे काम करता है? जानिए प्रिंटिंग प्रेस से Insider, Solver Gang, Secret WhatsApp Group और Last-Mile Delivery तक पेपर लीक का पूरा नेटवर्क।

नई दिल्ली/अमर भारती। 20 अप्रैल 2026… NEET-UG परीक्षा में अभी 13 दिन बाकी थे। महाराष्ट्र के लातूर में एक फोन कॉल हुआ। आरोप है कि बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज भगवानराव शिरूरे ने RCC कोचिंग सेंटर के संस्थापक शिवराज मोटेगांवकर को 10 लाख रुपये ट्रांसफर किए। बदले में उन्हें मिला देश के लाखों मेडिकल एस्पिरेंट्स के भविष्य से जुड़ा सबसे बड़ा राज- NEET-UG 2026 का कथित असली प्रश्नपत्र।
यह सिर्फ एक परीक्षा का पेपर लीक होने की कहानी नहीं है। यह उस पूरे नेटवर्क की कहानी है, जिसमें पेपर तैयार होने से लेकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने तक कई स्तरों पर लोग शामिल हो सकते हैं। एक ऐसा नेटवर्क, जिसकी अपनी सप्लाई चेन, अपनी कीमत और अपना डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम होता है। सवाल है- पेपर लीक होता कैसे है? कौन होते हैं इस नेटवर्क के मुख्य किरदार? और कैसे एक गोपनीय प्रश्नपत्र करोड़ों रुपये के अवैध कारोबार में बदल जाता है?
‘ग्राउंड जीरो’: जहां से शुरू होती है लीक की कहानी
किसी भी बड़े पेपर लीक की शुरुआत अक्सर उस जगह से होती है, जहां प्रश्नपत्र छपते हैं। NEET-UG 2026 मामले में जांच एजेंसियों के मुताबिक, महाराष्ट्र का नासिक इस नेटवर्क का अहम केंद्र बना। यहीं प्रश्नपत्रों की प्रिंटिंग हो रही थी। जांच के मुताबिक, जयपुर से जुड़े कथित मास्टरमाइंड्स ने इसी प्रिंटिंग प्रेस से गोपनीय प्रश्नपत्र हासिल किया। इसके बाद शुरू हुआ पेपर का सफर- एक शहर से दूसरे शहर और एक राज्य से दूसरे राज्य तक। यानी पेपर लीक का पहला चरण अक्सर उस जगह से शुरू होता है, जहां सुरक्षा सबसे ज्यादा होनी चाहिए।
‘द इनसाइडर’: जिसके पास होती है असली चाबी
पेपर लीक नेटवर्क का सबसे अहम किरदार होता है- इनसाइडर। यानी ऐसा व्यक्ति, जिसे प्रश्नपत्र तैयार करने या पेपर सेटिंग की प्रक्रिया तक पहुंच हासिल हो। NEET-UG 2026 मामले में जांच के मुताबिक, रिटायर्ड केमिस्ट्री प्रोफेसर पी.वी. कुलकर्णी का नाम सामने आया। आरोप है कि वह NTA की पेपर सेटिंग प्रक्रिया से जुड़े थे और उनके पास प्रश्नों के मूल स्रोत तक पहुंच थी।
पुणे की बॉटनी प्रोफेसर मनीषा मंधारे का नाम भी जांच में सामने आया। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह पेपर सेटिंग और मॉडरेशन प्रक्रिया से जुड़ी थीं। अगर जांच में ये आरोप साबित होते हैं, तो यह दिखाता है कि पेपर लीक का पहला और सबसे संवेदनशील चरण परीक्षा एजेंसी की आंतरिक प्रक्रिया से जुड़ा हो सकता है।
‘Special Class’: जब असली पेपर को ‘Guess Paper’ बना दिया गया
प्रश्नपत्र हासिल करने के बाद अगला चरण होता है- उसे छात्रों तक पहुंचाना। लेकिन सीधे असली पेपर देना जोखिम भरा होता है। आरोप है कि इस मामले में असली प्रश्नों को एक बड़े Question Bank में मिलाकर छात्रों को ‘Special Coaching Classes’ के जरिए पढ़ाया गया। जांच के मुताबिक, अप्रैल के आखिरी सप्ताह में पुणे में कुछ चुनिंदा छात्रों को ऐसे सवाल पढ़ाए गए, जो बाद में कथित तौर पर असली परीक्षा में पूछे गए।
आरोप है कि छात्रों को प्रश्नपत्र की प्रिंटेड कॉपी देने के बजाय सवाल लिखवाए गए और उन्हें समझाया गया। इस तरीके से डिजिटल सबूतों से बचने की कोशिश की गई। यही है ‘Guess Paper’ मॉडल- असली सवालों को सैकड़ों दूसरे मिलते-जुलते सवालों के बीच छिपा देना। छात्र को लगता है कि वह सिर्फ संभावित सवाल पढ़ रहा है, जबकि वास्तव में उसके पास असली प्रश्नपत्र के सवाल पहुंच चुके होते हैं।
Distribution Network: Courier से Secret WhatsApp Group तक
एक बार पेपर बाहर निकलने के बाद शुरू होता है उसका Distribution Network। जांच के मुताबिक, नासिक के एक छात्र ने कथित तौर पर पेपर खरीदा और बाद में उसे दूसरे शहर में आगे बेच दिया। इस पूरी प्रक्रिया में Courier का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है। इसके बाद पेपर एक कथित Secret WhatsApp Group तक पहुंचा। इस ग्रुप का नाम ‘Private Mafia’ बताया गया। जांच के अनुसार, ग्रुप में सैकड़ों सदस्य थे और लीक सामग्री को आगे शेयर करने पर रोक थी। इस नेटवर्क का मकसद साफ था- पेपर को सीमित रखना, उसकी कीमत बनाए रखना और उसे ज्यादा से ज्यादा रकम में बेचना।
High-Tech Tools: Scanner, Encryption और Shadow Network
यह नेटवर्क सिर्फ कागज और मोबाइल फोन तक सीमित नहीं था। जांच में आरोपियों द्वारा High-Definition Portable Scanners के इस्तेमाल की बात सामने आई। इन स्कैनर्स की मदद से प्रश्नपत्र की डिजिटल कॉपी तैयार की गई। इसके बाद कथित तौर पर Encrypted Messaging Channels के जरिए इसे आगे सर्कुलेट किया गया। जांच में कथित Shadow Server और सुरक्षित इंटरनेट कनेक्शन के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है। अगर ये आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो यह साफ होगा कि पेपर लीक नेटवर्क अब पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़कर टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर रहे हैं।
‘Solver Gang’: पेपर को Answer Key में बदलने वाले लोग
प्रश्नपत्र मिलने के बाद सबसे अहम चरण होता है- उसे Solve करना। इसके लिए आमतौर पर मेडिकल स्टूडेंट्स, MBBS छात्र या ऐसे लोग शामिल किए जाते हैं, जो कम समय में प्रश्नपत्र हल कर सकें। इन्हें कथित तौर पर लाखों रुपये तक का भुगतान किया जाता है। कुछ ही समय में प्रश्नपत्र को Solve कर Answer Key में बदल दिया जाता है। इसके बाद यह सामग्री उन छात्रों तक पहुंचाई जाती है, जो परीक्षा से पहले इसे हासिल करने के लिए बड़ी रकम खर्च करते हैं। NEET जैसे बड़े एग्जाम में यह नेटवर्क कई शहरों तक फैला हो सकता है। राजस्थान का सीकर जैसे बड़े कोचिंग हब ऐसे नेटवर्क के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बन सकते हैं।
Last-Mile Delivery: परीक्षा से कुछ घंटे पहले पहुंचता है पेपर
पेपर लीक नेटवर्क का सबसे आखिरी और सबसे महत्वपूर्ण चरण होता है- Last-Mile Delivery। आरोप है कि परीक्षा से एक रात पहले कई छात्रों तक कथित प्रश्नपत्र या उसके सवाल पहुंचाए गए। कोचिंग सेंटर, हॉस्टल और निजी नेटवर्क के जरिए यह सामग्री सर्कुलेट की गई। दावा किया गया कि परीक्षा के दौरान बायोलॉजी और केमिस्ट्री के कई सवाल उन सवालों से मिलते-जुलते थे, जिन्हें छात्रों ने परीक्षा से पहले देखा था।यही वह चरण है, जहां पेपर लीक सीधे छात्रों के प्रदर्शन और परीक्षा के नतीजे को प्रभावित करता है।
Paper Leak अब सिर्फ रैकेट नहीं, पूरी ‘Industry’?
देश में प्रतियोगी परीक्षाओं का दबाव लगातार बढ़ रहा है। लाखों छात्र परीक्षा देते हैं, जबकि मेडिकल कॉलेजों में सीटों की संख्या सीमित है। इस भारी Competition के बीच पेपर लीक का नेटवर्क एक संगठित अवैध कारोबार का रूप ले सकता है। इसमें पेपर हासिल करने वाले लोग, बिचौलिए, सॉल्वर, कोचिंग नेटवर्क और अंतिम खरीदार—हर किसी की अलग भूमिका होती है। इसकी अपनी Supply Chain होती है, अपनी Pricing Strategy होती है और अपना Risk Management System भी।
NEET से पहले भी सामने आते रहे हैं पेपर लीक के मामले
पेपर लीक का संकट सिर्फ NEET तक सीमित नहीं है। उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में पेपर लीक के आरोपों के बाद परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी। इस परीक्षा के लिए लाखों उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। SSC CGL परीक्षा को लेकर भी अतीत में गड़बड़ियों और परीक्षा प्रणाली से छेड़छाड़ के आरोप सामने आ चुके हैं। इन घटनाओं से एक सवाल लगातार उठता है- जब परीक्षाओं को ऑनलाइन, डिजिटल और सुरक्षित बनाने की कोशिश की जा रही है, तो पेपर लीक नेटवर्क हर बार सुरक्षा व्यवस्था में सेंध कैसे लगा लेता है?
सबसे बड़ा सवाल- कहां टूटती है Security Chain?
किसी भी परीक्षा का प्रश्नपत्र कई चरणों से गुजरता है—Question Setting, Moderation, Printing, Storage, Transportation और Distribution। इनमें से किसी भी एक चरण में अगर सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होती है, तो पूरा सिस्टम खतरे में पड़ सकता है। NEET-UG 2026 मामले ने एक बार फिर दिखाया है कि परीक्षा सुरक्षा सिर्फ कड़ी निगरानी या CCTV कैमरों से सुनिश्चित नहीं की जा सकती। इसके लिए End-to-End Security System, मजबूत Cyber Monitoring, सुरक्षित Logistics और सबसे जरूरी- System के अंदर मौजूद लोगों की जवाबदेही तय करनी होगी।
क्योंकि पेपर लीक सिर्फ एक प्रश्नपत्र की चोरी नहीं है। यह उन लाखों छात्रों के साथ धोखा है, जो वर्षों तक मेहनत करते हैं, रात-दिन पढ़ते हैं और एक परीक्षा के भरोसे अपना पूरा भविष्य दांव पर लगा देते हैं। अब चुनौती सिर्फ दोषियों को पकड़ने की नहीं है। असली चुनौती उस पूरे नेटवर्क को खत्म करने की है, जो पेपर को एक गोपनीय दस्तावेज से करोड़ों रुपये के अवैध ‘प्रोडक्ट’ में बदल देता है।
यहां भी पढ़ें-