वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे, 11 हजार लोगों ने एक साथ किया सामूहिक गायन

रिपोर्ट – चैतन्य तृप्ति

उन्नाव। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के भारतीय शिक्षा समिति उत्तर प्रदेश के नेतृत्व में शुक्लागंज स्थित सप्रू स्टेडियम में सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘एक साथ, एक समय, एक स्वर और एक लय’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 11 हजार लोगों ने एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। हजारों लोगों के एक स्वर में राष्ट्रगीत का गायन होने से पूरा स्टेडियम देशभक्ति के माहौल में नजर आया।

कार्यक्रम में शुक्लागंज क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ आचार्य, शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक और नगरवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए। निर्धारित समय पर सभी प्रतिभागियों ने एक साथ और एक लय में वंदे मातरम् का गायन किया। इस दौरान स्टेडियम में मौजूद हजारों लोगों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर लोगों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को जागृत करना तथा नई पीढ़ी को राष्ट्रगीत के ऐतिहासिक महत्व से परिचित कराना रहा। सामूहिक गायन के दौरान छात्र-छात्राओं और नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

मौसम की विषम परिस्थितियों के बावजूद कार्यक्रम में प्रतिभागियों का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में निर्धारित समय से पहले ही सप्रू स्टेडियम पहुंच गए। विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने अनुशासन के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। सामूहिक गायन शुरू होते ही पूरा स्टेडियम वंदे मातरम् के स्वर से गूंज उठा।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय संयोजक उमाशंकर मिश्र, कार्यक्रम पर्यवेक्षक अवनीश कुमार समेत संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक और नगर के लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, विद्यालय परिवारों, प्रतिभागियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।