
पंकज चतुर्वेदी
बाराबंकी। कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के सूरतगंज मार्ग पर ग्राम दादनपुर के निकट रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब तीनों युवक एक ही बाइक से सावन के दूसरे सोमवार पर लोधेश्वर महादेवा मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे थे। दादनपुर के पास उनकी बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार फतेहपुर कस्बे के जोशी टोला निवासी शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी (22) शक्तिमान जोशी (19) और सचिन जोशी (21) एक ही बाइक पर सवार होकर लोधेश्वर महादेवा मंदिर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दादनपुर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली में भी श्रद्धालु सवार थे और वे लोधेश्वर महादेवा में जलाभिषेक के लिए जा रहे थे।
एंबुलेंस पहुंचने में देरी का आरोप, रास्ते में युवक ने तोड़ा दम
हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने शक्तिमान जोशी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इस दौरान युवक की हालत लगातार बिगड़ती रही। स्थिति गंभीर होने पर कोतवाली प्रभारी अमित सिंह भदौरिया ने उसे सरकारी वाहन से जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में शक्तिमान ने दम तोड़ दिया।
दो परिवारों में पसरा मातम, घायल युवक का इलाज जारी
हादसे में शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी की भी मौत हो गई, जबकि तीसरे घायल युवक सचिन जोशी का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। एक ही परिवार से जुड़े तीन युवकों के साथ हुए इस हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे परिजन एंबुलेंस में देरी को लेकर आक्रोशित हो गए और उन्होंने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
कोतवाली प्रभारी अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हुई है, जबकि एक घायल युवक का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, सावन के दूसरे सोमवार पर महादेवा जलाभिषेक के लिए निकले युवकों की दर्दनाक मौत के बाद उनके परिवारों और परिचितों में शोक की लहर है।