महादेवा में भक्ति के साथ दिखा देशभक्ति का रंग: तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, ‘हर-हर महादेव-भारत माता की जय’ के नारों से गूंजा क्षेत्र

पंकज चतुर्वेदी

बाराबंकी। श्री लोधेश्वर महादेव की पावन तीर्थनगरी महादेवा बुधवार को भक्ति के साथ देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, युवाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महादेवा मंडल अध्यक्ष अमित सिंह की अगुवाई में निकाली गई यात्रा में लोग हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। यात्रा के दौरान ‘हर-हर महादेव’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।

लोधेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई तिरंगा यात्रा

तिरंगा यात्रा से पूर्व श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने श्री लोधेश्वर महादेव का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस दौरान देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई। पूजा-अर्चना के बाद हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा महादेव चौकी से होते हुए लोधौरा चौराहा पहुंची, जहां से मेला मैदान होते हुए पूरे महादेवा क्षेत्र का भ्रमण किया गया। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और राष्ट्रभक्ति के नारों से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

‘तिरंगा यात्रा राष्ट्र की एकता और अखंडता के संकल्प का प्रतीक’

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी ने कहा कि महादेवा की पवित्र धरती पर निकाली गई तिरंगा यात्रा केवल राष्ट्रध्वज के सम्मान का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रधर्म के प्रति संकल्प का भी प्रतीक है। बाबा लोधेश्वर की भक्ति के साथ तिरंगे का सम्मान इस आयोजन को और अधिक विशेष बना रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों में राष्ट्र के प्रति समर्पण और एकजुटता की भावना और मजबूत होती है।

राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विकसित भारत के निर्माण का आह्वान

एमएलसी अंगद कुमार सिंह ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने, तिरंगे का मान-सम्मान बनाए रखने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के लिए समाज के हर वर्ग को जिम्मेदारी और समर्पण की भावना के साथ आगे बढ़ना होगा। इस दौरान पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह, रामबाबू द्विवेदी और सिद्धार्थ अवस्थी ने भी लोगों को संबोधित किया।

राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा महादेवा

तिरंगा यात्रा के समापन पर सभी लोगों ने एक स्वर में ‘हर-हर महादेव’, ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद-जय भारत’ के नारे लगाए। कार्यक्रम में सुधीर कुमार सिंह, मनोज श्रीवास्तव, राधा कृष्ण मिश्रा, सुनील कुमार सिंह, अल्का मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी, प्रतिमा मिश्रा, अनमोल तिवारी और आशुतोष शुक्ला समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा के दौरान महादेवा में धार्मिक आस्था और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।