
लखनऊ। गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर गंगागंज के पास शुक्रवार देर रात ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे स्टील क्रैश बैरियर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार ड्राइवर समेत तीन मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर क्षमता से अधिक सामान लदा हुआ था। गंगागंज के पास अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर हाईवे किनारे लगे स्टील क्रैश बैरियर से टकरा गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही गोसाईंगंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को 108 एंबुलेंस की मदद से गोसाईंगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान बाराबंकी जनपद के कोठी थाना क्षेत्र स्थित एक ही गांव के रहने वालों के रूप में होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस द्वारा मृतकों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।
गोसाईंगंज पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों के साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक भार लदे होने की भी जांच की जा रही है।