
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के राजाजीपुरम स्थित लिरिक्स एकेडमी ऑफ म्यूजिक में स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर एकेडमी से जुड़े लोगों ने पारंपरिक हरे रंग के परिधान और श्रृंगार के साथ हरियाली तीज उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लिया। तीज के पारंपरिक गीत, मेहंदी, नृत्य और आपसी स्नेह ने पूरे आयोजन को खास बना दिया। वहीं इस दौरान लिरिक्स एकेडमी ऑफ म्यूजिक परिसर में उत्साह और उमंग के साथ भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली।
भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का माध्यम है हरियाली तीज: प्राची
डांसर-कोरियोग्राफर और फैशन डिजाइनर प्राची श्रीवास्तव ने कहा कि हरियाली तीज के खास पर्व पर एकेडमी में सभी महिलाओं ने हरे रंग के परिधान और साड़ी पहनकर इस पर्व को उत्साह के साथ सेलिब्रेट किया। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह हमारी समृद्ध भारतीय परंपराओं, लोक संस्कृति और संस्कारों से जुड़ने का सुंदर माध्यम भी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान तथा गर्व की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित करते हैं।
लोक संस्कृति और संस्कारों को दर्शाता है यह पर्व
लिरिक्स एकेडमी ऑफ म्यूजिक के डायरेक्टर राय मणीपति रॉय ने कहा कि हरियाली तीज भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। हरे रंग के प्रतीक इस पर्व को सभी ने मिलकर उत्साह के साथ मनाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन भारतीय लोक संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं।

महिलाओं की सहभागिता ने बढ़ाई आयोजन की रौनक
कार्यक्रम में रीता, नीलम, सवित्री, प्रियांका, कीर्ति, निशा और पुष्पा समेत अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने हरियाली तीज को लेकर अपने विचार साझा किए और डांस, पारंपरिक गीत-संगीत एवं अन्य गतिविधियों में हिस्सा लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल बना रहा। कार्यक्रम ने न केवल पर्व की खुशियां साझा कीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति लोगों के जुड़ाव को भी मजबूत किया।