
निघासन-खीरी। शारदा नदी के बढ़ते जलस्तर से निघासन तहसील क्षेत्र के दौलतापुर गांव में ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। नदी का पानी लगातार बढ़ने से गांव के अंदर घरों तक पानी पहुंचने लगा है। कई घरों के बाहर पानी जमा हो गया है, जबकि कुछ घरों के अंदर भी धीरे-धीरे पानी पहुंच रहा है।
बाढ़ का पानी गांव के स्कूल परिसर तक भी पहुंच गया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति बन गई है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो गांव में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
सुरजी पुरवा का रास्ता बंद
सुरजी पुरवा गांव में आने-जाने का रास्ता पहले से ही बाधित है। यहां पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा है, जो अभी तक पूरा नहीं हो सका है। पुलिया के ऊपर तेज बहाव के साथ पानी चलने के कारण ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। इससे ग्रामीणों को जरूरी सामान और अन्य कार्यों के लिए बाहर निकलने में परेशानी हो रही है।
खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित
बाढ़ के पानी से खेतों में खड़ी फसलें भी प्रभावित होने लगी हैं। किसानों को फसल बर्बाद होने की चिंता सताने लगी है। ग्रामीणों के मुताबिक संजय, रमाशंकर, पवन कुमार, देवतादीन और हरिशंकर के घरों के पास तक पानी पहुंच चुका है। किसी के घर के बाहर पानी जमा है तो किसी के घर के अंदर भी थोड़ा-थोड़ा पानी पहुंच गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से बाढ़ की स्थिति पर निगरानी बढ़ाने, प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा सुरजी पुरवा के बाधित रास्ते पर आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग की है।