बजरंग दल की जिला बैठक आयोजित: संगठन विस्तार और सामाजिक कार्यों पर जोर

बाराबंकी। बजरंग दल का ध्येय वाक्य ‘सेवा, सुरक्षा, संस्कार’ केवल संगठन का नारा नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता का संकल्प है। कार्यकर्ताओं को सेवा और सामाजिक सरोकारों के साथ संगठन के विस्तार को गति देने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। यह बातें बजरंग दल अवध प्रांत के पूर्णकालिक प्रांत सह संयोजक आलोक ने जिला बैठक को संबोधित करते हुए कहीं।

बैठक का शुभारंभ प्रांत सह संयोजक आलोक, जिला संगठन मंत्री अखिल, जिला अध्यक्ष रामनाथ मौर्य और जिला मंत्री राहुल कुमार ने श्रीराम दरबार के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बैठक में संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ता विस्तार और सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

युवाओं को संगठन से जोड़ने पर जोर

प्रांत सह संयोजक आलोक ने कहा कि संगठन विस्तार के लिए कार्य की दृष्टि से उचित कार्यकर्ता का नियोजन किया जाना आवश्यक है। युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए साप्ताहिक मिलन और बालोपासना जैसे कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि बजरंग दल के कार्यकर्ता सामाजिक क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, रक्तदान, सेवा, श्रमदान और गो रक्षा सहित विभिन्न सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन गतिविधियों को और व्यापक स्तर पर संचालित करने का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने को लेकर दिशा-निर्देश

बैठक में धर्मांतरण और लव-जिहाद से प्रभावित क्षेत्रों, जनसांख्यिकीय बदलाव वाले क्षेत्रों तथा ईसाई मिशनरी गतिविधियों वाले स्थानों को चिन्हित करने पर भी चर्चा की गई। संगठन की ओर से ऐसे क्षेत्रों में सामाजिक गतिविधियों और जनसंपर्क को बढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही युवाओं के बीच संगठन की पहुंच मजबूत करने तथा स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकरी हुए शामिल

जिलाध्यक्ष रामनाथ मौर्य की अध्यक्षता और जिला मंत्री राहुल कुमार के संचालन में बैठक संपन्न हुई। इस दौरान प्रांत कॉलेज विद्यार्थी संपर्क प्रमुख ब्रह्म प्रकाश, जिला संयोजक राहुल विक्रम सिंह, जिला सह संयोजक तुषार तिवारी, विनय वर्मा, प्रिंस वर्मा, जिला कॉलेज विद्यार्थी संपर्क प्रमुख अखिलेश राजपूत, जिला गो रक्षा प्रमुख पवन पांडे सहित जिला, प्रखंड और खंड स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।