डिजिटल माध्यम से पांच करोड़ हिंदुओं को विहिप से जोड़ने का लक्ष्य

22 नवंबर से शुरू होगा हितचिंतक अभियान, वीएचपी कनेक्ट ऐप के जरिए ऑनलाइन जुड़ सकेंगे लोग

बाराबंकी। जिला कोऑपरेटिव बैंक सभागार में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद की जिला बैठक आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ विश्व हिंदू परिषद अवध प्रांत के सह मंत्री विवेक, प्रांत सह कोषाध्यक्ष हरि अग्रवाल, विभाग संगठन मंत्री अखिल एवं जिलाध्यक्ष रामनाथ मौर्य ने राम दरबार, श्रद्धेय अशोक सिंघल और सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्रों के समक्ष पुष्पार्चन कर किया।

बैठक के प्रथम सत्र में प्रांत सह मंत्री विवेक ने पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की और आगामी गतिविधियों की रूपरेखा पर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस बार विश्व हिंदू परिषद का हितचिंतक अभियान डिजिटल माध्यम से व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। इसके लिए संगठन ने गूगल प्ले स्टोर पर वीएचपी कनेक्ट ऐप लॉन्च किया है, जिसके माध्यम से लोग सीधे संगठन से जुड़ सकेंगे। अभियान के तहत जुड़ने वाले लोगों को ऑनलाइन संदेश भी प्राप्त होगा।

उन्होंने बताया कि हितचिंतक अभियान के माध्यम से प्रत्येक तीन वर्ष में आमजन को संगठन से जोड़ा जाता है। इस बार पांच करोड़ हिंदुओं को अभियान से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान की शुरुआत 22 नवंबर से होगी। इसे प्रभावी बनाने के लिए न्याय पंचायत स्तर तक संगठनात्मक रूपरेखा तैयार की जा रही है।

द्वितीय सत्र में प्रांत सह कोषाध्यक्ष हरि अग्रवाल ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए हुतात्मा दिवस पर रक्तदान, गोपाष्टमी, गीता जयंती, धर्म रक्षा दिवस और रविदास जयंती पर समरसता दिवस जैसे कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की। वहीं विभाग संगठन मंत्री अखिल ने सत्संग विस्तार सप्ताह, आगामी प्रखंड बैठकों और हितचिंतक अभियान में विस्तारक के रूप में नियमित समय देने वाले कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विचार-विमर्श किया।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामनाथ कुमार ने की तथा संचालन जिला मंत्री राहुल कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रांत सामाजिक समरसता टोली के सदस्य बृजेश वैश्य, दुर्गा वाहिनी की प्रांत बाल संस्कार प्रमुख नेहा मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष कमलेश शुक्ला, तुलसीराम, वीरेंद्र, उदय प्रताप, राहुल, विक्रम, तुषार तिवारी, चंद्रशेखर, लीना श्रीवास्तव, ज्ञानेश्वरी, अमित गुप्ता, आदर्श श्रीवास्तव, विवेक रघुवंशी, अमरनाथ और संतोष अवस्थी सहित जिला कार्यकारिणी एवं प्रखंड टोली के पदाधिकारी मौजूद रहे।