
जेआरएफ एवं असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा में सफलता पर निधि वर्मा का सम्मान
गोला गोकर्णनाथ, खीरी। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सफलता हासिल कर नारी सशक्तिकरण की मिसाल कायम करने वाली प्रतिभाशाली छात्रा निधि वर्मा को सनशाइन हॉस्पिटल के संचालक एवं भाजपा नेता डॉ. कौशल वर्मा ने सम्मानित किया। उन्होंने निधि को मिठाई खिलाकर स्मृति चिन्ह एवं नगद धनराशि भेंट की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विकास क्षेत्र बांकेगंज के ग्राम महाराज नगर निवासी किसान परिवार की बेटी निधि वर्मा ने जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) एवं असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है।
निधि ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा नगर के कृषक समाज इंटर कॉलेज से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने सीजीएन पीजी कॉलेज से बीए और एमए की पढ़ाई पूरी की। अपनी सफलता का श्रेय निधि ने अपने गुरुजनों के साथ-साथ अपने पिता रविंद्र कुमार और गृहिणी माता मुन्नी देवी को दिया।
इस अवसर पर डॉ. कौशल वर्मा ने कहा कि बेटियों की शिक्षा ही सशक्त और आत्मनिर्भर समाज की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा, “बेटियों के शिक्षित होने से नारी सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो सकेगा। बेटियां जब आगे बढ़ती हैं तो समाज भी आगे बढ़ता है। एक बेटी की सफलता दूसरी बेटियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।”
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और किसान परिवारों की बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें बेहतर शिक्षा, प्रोत्साहन और अवसर उपलब्ध कराने की है। निधि की सफलता निश्चित रूप से क्षेत्र की अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायी है।