
गोला गोकर्णनाथ, खीरी। स्थानीय विद्यालय वि.कु.स्मा. सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, गोला में सोमवार, 31 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में ‘युवा संवाद कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक आकाश और नगर प्रचारक नितिन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए युवा शक्ति की भूमिका, नागरिक जिम्मेदारियों, सामाजिक सहयोग और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर विचार रखे।
जिला प्रचारक आकाश ने अपने संबोधन में कहा कि युवा अपने दैनिक कार्यों, नागरिक जिम्मेदारियों और सामाजिक सहयोग के माध्यम से देश की प्रगति एवं विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व्यक्ति निर्माण, समाज सेवा और हिंदुत्व की विचारधारा के माध्यम से युवाओं को समाज से जोड़ने तथा सकारात्मक भावनाओं को अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता है।
‘सर पर बर्फ, हृदय में पत्थर, मुंह में शक्कर और पैर में चक्कर’ का दिया संदेश
जिला प्रचारक आकाश ने युवाओं को प्रेरित करते हुए प्रसिद्ध सूत्र “सर पर बर्फ, हृदय में पत्थर, मुंह में शक्कर और पैर में चक्कर” का अर्थ भी समझाया।
उन्होंने कहा कि ‘सर पर बर्फ’ का अर्थ है कि विपरीत परिस्थितियों में भी व्यक्ति को अपना दिमाग शांत और स्थिर रखना चाहिए, ताकि क्रोध में कोई गलत निर्णय न लिया जाए।
‘मुंह में शक्कर’ का अर्थ बताते हुए उन्होंने कहा कि व्यक्ति को हमेशा मधुर और विनम्र भाषा का प्रयोग करना चाहिए तथा अपनी बात इस तरह रखनी चाहिए कि किसी को ठेस न पहुंचे।
इसी तरह ‘हृदय में पत्थर’ का अर्थ फैसले लेते समय व्यावहारिक और मजबूत बने रहने से है, ताकि कोई व्यक्ति भावनाओं का अनुचित लाभ न उठा सके। वहीं ‘पैर में चक्कर’ का अर्थ उन्होंने कर्मठ और सक्रिय बने रहने से बताया। उन्होंने कहा कि एक सक्रिय कार्यकर्ता को लगातार लोगों के बीच संपर्क और भ्रमण करते रहना चाहिए।
जिला प्रचारक ने विद्यार्थियों से कहा कि व्यक्तित्व निर्माण ही राष्ट्र निर्माण की नींव है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच, अनुशासन, सक्रियता और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने पूछे सवाल
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने मुख्य वक्ताओं से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देते हुए उनके जिज्ञासाओं का समाधान किया। इससे कार्यक्रम संवादात्मक और प्रभावी रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने दोनों वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन नगर कार्यवाह महेंद्र नाथ पाठक ने किया।