VHP का स्थापना दिवस समारोह सम्पन्न: संस्कार, सेवा और सुरक्षा को लेकर वक्ताओं ने रखे विचार

बाराबंकी। हिंदू हितों और हिंदू समाज के जागरण के लिए विश्व हिंदू परिषद लगातार कार्य कर रही है। संगठन का उद्देश्य हिंदू समाज को सामाजिक रूप से सक्षम, समर्थ और सुरक्षित बनाना है। यह बात विश्व हिंदू परिषद अवध प्रांत के प्रांत मंत्री देवेंद्र ने जिला कोऑपरेटिव बैंक सभागार में आयोजित विहिप के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि संगठन पिछले 62 वर्षों से हिंदू समाज के सामने आने वाली विभिन्न चुनौतियों के खिलाफ लगातार कार्य कर रहा है और सामाजिक जागरण के माध्यम से समाज को संगठित करने का प्रयास कर रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ सप्तऋषि आश्रम सतरिख के पूज्य संत राजेंद्र आनंद सरस्वती, मुंजापुर कबीर मठ के पूज्य संत आलोक दास महाराज, प्रांत मंत्री देवेंद्र, जिला अध्यक्ष रामनाथ मौर्य और जिला मंत्री राहुल कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान संतों ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को आशीर्वचन देते हुए संगठन के सामाजिक कार्यों और हिंदू समाज को एकजुट करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

हिंदू समाज को सक्षम और सुरक्षित बनाने पर जोर

सप्तऋषि आश्रम के पूज्य संत राजेंद्र आनंद सरस्वती ने अपने आशीर्वचन में कहा कि हिंदू समाज सक्षम, समर्थ और सुरक्षित कैसे बने, इस दिशा में विश्व हिंदू परिषद लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन के लाखों कार्यकर्ता सामाजिक समरसता, स्वावलंबन, सेवा, सुरक्षा और संस्कार के माध्यम से हिंदू समाज में जनजागरण का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज में एकता और जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

धर्मांतरण और मतांतरण को बताया चुनौती

मुंजापुर कबीर मठ के पूज्य संत आलोक दास महाराज ने कहा कि लव जिहाद, धर्मांतरण और मतांतरण हिंदू समाज के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईसाई मिशनरी और इस्लामी एजेंसियां हिंदू समाज को विघटित करने के प्रयास में लगी हुई हैं। उन्होंने समाज को जागरूक और संगठित करने के साथ ही युवाओं तथा परिवारों के बीच संस्कार और सामाजिक चेतना को मजबूत करने पर जोर दिया।

62 वर्षों से हिंदू हित के मुद्दों पर सक्रिय : देवेंद्र

प्रांत मंत्री देवेंद्र ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद 62 वर्षों से हिंदू समाज के सामने आने वाली चुनौतियों के समाधान के लिए लगातार संघर्षरत है। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण आंदोलन, अमरनाथ यात्रा, गौ संरक्षण तथा धर्मांतरण के विरुद्ध कानून जैसे विषयों को संगठन के प्रमुख कार्यों और आंदोलनों से जोड़ते हुए कहा कि विहिप ने समय-समय पर हिंदू समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने कहा कि देशभर में कार्यकर्ताओं द्वारा संचालित साप्ताहिक सत्संग, मिलन केंद्र, बलोपासना और संस्कार शालाएं हिंदू जागरण के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में कार्य कर रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से समाज में संस्कार, सेवा, संगठन और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रामनाथ मौर्य ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री राहुल कुमार ने किया। इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री अखिल, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, कमलेश शुक्ला, डॉ. विनय जैन, नेहा, बृजेश वैश्य, ज्ञानेश्वरी, लीना श्रीवास्तव, राहुल, विक्रम सिंह, तुलसीराम, मनीष कनौजिया, उदय प्रताप, विनोद, चंद्रशेखर, राजेंद्र जायसवाल, सौरभ गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं हिंदू समाज के लोग मौजूद रहे।