आशीर्वाद का दीया’ से आलोकित हुआ रामपुर गढ़ौवा विद्यालय


उन्नाव। सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को विद्यार्थियों से जोड़ने के उद्देश्य से बीएसए उन्नाव द्वारा जारी लिखित निर्देश के क्रम में और खंड शिक्षा अधिकारी औरास दीपेश कुमार के निर्देशन में उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा में गुरुवार शाम ‘सेवा दिवस–आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
शाम सात बजे आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ की ओर से शिक्षक इंद्रपाल तथा करीब 20 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सद्भाव, सहयोग और मानवीय संवेदना का संदेश दिया। दीपों से तैयार की गई रचनात्मक प्रस्तुति ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सेवा को केवल औपचारिक गतिविधि न मानकर सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाने का संकल्प लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि समाज में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत छोटे लेकिन सार्थक प्रयासों से होती है।
खंड शिक्षा अधिकारी दीपेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित यह पहल विद्यार्थियों के अनुभवात्मक अधिगम को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का माध्यम बनी। शिक्षक डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, सहयोग की भावना और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
विद्यालय परिसर में एक साथ प्रज्ज्वलित दीपों ने वातावरण को रोशन करने के साथ ही विद्यार्थियों में सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को मजबूत किया। कार्यक्रम की फोटो और वीडियो का अभिलेख भी तैयार किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, ग्राम प्रधान ओम प्रकाश, पंचायत सहायक और रसोइया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।