लखनऊ से लौट रहे युवक की कार का पीछा कर हमला करने का आरोप, बाल-बाल बचा पीड़ित

अमेठी। मुंशीगंज थाना क्षेत्र के बंदोइया गांव निवासी यश तिवारी ने कोतवाली अमेठी में तहरीर देकर कुछ लोगों पर कार से पीछा करने, फायरिंग करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर एफआईआर दर्ज करने और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
तहरीर के मुताबिक, यश तिवारी शनिवार को लखनऊ से अमेठी लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में सफेद रंग की डिजायर कार उनकी गाड़ी का पीछा कर रही थी। शाम करीब 4:50 बजे जब वह अपने घर के पास पहुंचे तो कार सवार लोगों ने उनकी गाड़ी रोकने का प्रयास किया।
यश तिवारी का आरोप है कि कार से उतरे लोगों ने असलहा लहराते हुए उन पर फायरिंग की। गोली उनकी कार के शीशे को क्षतिग्रस्त करते हुए निकल गई। घटना में वह बाल-बाल बच गए।
शिकायत में यश तिवारी ने देवेश सोनी, शुभम गुप्ता उर्फ शेकू और एक अज्ञात व्यक्ति पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि फायरिंग के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार, घटना के समय आदर्श तिवारी अपनी कार से पीछे आ रहे थे। उनके मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी वहां से भाग निकले। यश तिवारी ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार, तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।