41 लाख की लूट का खुलासा, 35 लाख के साथ मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर।बक्शा थाना क्षेत्र में हाईवे पर 5 सितंबर की रात हुई 41 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को 35 लाख रुपये नकद, पीड़ित के दस्तावेज और वारदात में प्रयुक्त वैगनआर कार के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार सुबह थानाध्यक्ष बक्शा प्रशांत कुमार सिंह टीम के साथ हाईवे पर चेकिंग पर थे। सर्विलांस और स्वाट टीम की मदद से सरायख्वाजा क्षेत्र में श्री नारायण सिंह इंटर कॉलेज के सामने बस स्टैंड के पास एक सफेद वैगनआर कार संख्या UP70 HL 5218 खड़ी मिली। कार में चालक सीट पर एक व्यक्ति सो रहा था। पुलिस टीम के साथ मौजूद पीड़ित जयपाल शर्मा ने उसे देखते ही मुख्य आरोपी के रूप में पहचान लिया।पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अभिनव सिंह उर्फ चंदन (29) पुत्र गिरजा शंकर सिंह, निवासी जमउपट्टी, थाना सिंगरामऊ, जौनपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट से काले रंग का PRIORITY लिखा पिट्ठू बैग बरामद हुआ, जिसमें 500 के 68 बंडल (34 लाख) और 200 के 5 बंडल (1 लाख) कुल 35 लाख रुपये नकद मिले। बैग से पीड़ित के दो फोटो और आधार कार्ड की कॉपी भी बरामद हुई
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पीड़ित के कुछ परिजन वाराणसी जेल में बंद हैं। उनकी जमानत दिलाने के नाम पर उसने 10 से 12 लाख रुपये मांगे थे। इसी दौरान पीड़ित अपने परिचित से 41 लाख रुपये नकद लेकर आया था। रकम देखकर अभिनव और उसके साथी उपदेश पाठक निवासी सुल्तानपुर की नीयत बिगड़ गई और दोनों ने योजना बनाकर 5 सितंबर की रात बक्शा-बदलापुर मार्ग पर टोल के पास पीड़ित को धक्का देकर बैग लूट लिया था।पुलिस ने मुकदमा संख्या 477/26 धारा 309(6) BNS में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की है। कागजात न होने पर वैगनआर को MV एक्ट की धारा 207 के तहत सीज किया गया है। फरार आरोपी उपदेश पाठक की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह, स्वाट प्रभारी यजुवेंद्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, मुन्नीलाल कन्नौजिया सहित बक्शा थाना व स्वाट टीम थी।