
लखनऊ। पीसीएस रिटायर्ड वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जनपद लखनऊ क्लस्टर की बैठक रविवार, 27 सितंबर 2026 को सेक्टर-14, वृंदावन योजना में अवधेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। भारी बारिश के बावजूद बैठक में 53 सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारियों ने भाग लिया और सेवानिवृत्ति के बाद सामने आने वाली विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष टीएन द्विवेदी पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। संचालन प्रांतीय महासचिव अमृतलाल साहू ने किया। रामकुमार गौतम, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य, जीत लाल सैनी और पीपी उपाध्याय संयुक्त संयोजक रहे।
बैठक में सेवानिवृत्त अधिकारियों ने मेडिकल रीइंबर्समेंट, न्यायालय में सरकार की ओर से साक्षी के रूप में उपस्थित होने पर पीए/डीए के भुगतान में आने वाली कठिनाइयों तथा बीमारी की सूचना देने के बावजूद न्यायालय द्वारा अनुपस्थित मानकर गिरफ्तारी वारंट जारी किए जाने जैसी समस्याएं उठाईं। अधिकारियों ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद ऐसी प्रक्रियागत परेशानियों के समाधान के लिए संगठन को प्रभावी स्तर पर प्रयास करना चाहिए।
प्रांतीय अध्यक्ष टीएन द्विवेदी ने सेवानिवृत्ति के समय पेंशन के नगदीकरण (कम्यूटेशन) के लिए होने वाली पेंशन कटौती की अवधि को 15 वर्ष से घटाकर 12 वर्ष किए जाने के मुद्दे पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इससे संबंधित न्यायालयों में विचाराधीन प्रक्रियाओं के बारे में भी सदस्यों को अवगत कराया।
प्रांतीय महासचिव अमृतलाल साहू ने आठवें वेतन आयोग में पेंशनर्स को शामिल किए जाने के मुद्दे और इस संबंध में देशभर के विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा चलाए जा रहे संघर्ष एवं आंदोलन की रणनीति की जानकारी दी। उन्होंने संगठन की गतिविधियों में अधिक से अधिक सदस्यों की सहभागिता पर जोर दिया।
बैठक में वक्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारियों की समस्याओं को सामूहिक रूप से उठाने की आवश्यकता बताई। रामकुमार गौतम ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए प्रत्येक शहर और मोहल्ले में रहने वाले सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारियों की सूची तैयार की जानी चाहिए। उनके साथ नियमित संपर्क बनाए रखने के साथ ही आपसी मेल-जोल बढ़ाने और व्यक्तिगत समस्याओं पर चर्चा करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संकट या आवश्यकता के समय संगठन के सदस्यों को एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनना चाहिए।
प्रांतीय अध्यक्ष टीएन द्विवेदी ने निर्देश दिया कि संयुक्त पेंशनर्स एसोसिएशन की ओर से जब भी धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाए, उसमें अधिक से अधिक सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में ओमप्रकाश गुप्ता, गंगाराम गुप्ता, त्रिवेणी प्रसाद वर्मा, भगवान दीन वर्मा, सुरेश चंद शर्मा, वीरेंद्र बहादुर सिंह, अतुल प्रकाश श्रीवास्तव, महेश प्रकाश, सोबरन सिंह, विनय कुमार गुप्ता, जयप्रकाश यादव, अशोक कुमार शुक्ला, विद्याशंकर सिंह, शिव शंकर गुप्ता, तिलकधारी यादव, अनिल चतुर्वेदी, मोतीलाल यादव, राजकुमार, राकेश कुमार गुप्ता, पारस मौर्य, भारत लाल सरोज, प्रेम प्रकाश उपाध्याय, देवेंद्र प्रताप सिंह, सर्वेश कुमार गुप्ता, राम भरत तिवारी, राजेश चंद्र, ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, शैलेंद्र कुमार मिश्रा, गोरेलाल शुक्ला, लव कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह, रमेश चंद्र तिवारी, राम दरसराम, सीएल कुरील, पीके श्रीवास्तव, अशोक कुमार सिंह, प्रहलाद सिंह, अशोक कुमार श्रीवास्तव, इंद्रारासन वर्मा, जल राजन चौधरी, विनय प्रकाश श्रीवास्तव, रत्नाकर मिश्रा, पप्पू गुप्ता, शिवेंद्र कुमार सिंह, जवाहरलाल श्रीवास्तव, सुशील लाल श्रीवास्तव, हरिशंकर शुक्ला और डॉ. सुरेश कुमार सोनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में जीत लाल सैनी ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।