कासगंज का 16 वर्षीय मयंक दो महीने से लापता, प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए गया था वृंदावन


कासगंज। बोबी ठाकुर। संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन की इच्छा लेकर वृंदावन गया कासगंज का 16 वर्षीय किशोर मयंक पिछले करीब दो महीने से लापता है। परिजनों के मुताबिक, मयंक संत प्रेमानंद महाराज का भक्त था और 7 अगस्त को घर से वृंदावन जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद से वह वापस घर नहीं लौटा और न ही परिवार से उसका संपर्क हो सका।
मयंक के लंबे समय तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने कासगंज थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई और पुलिस से किशोर की तलाश में मदद की गुहार लगाई है। परिवार लगातार मयंक की तलाश में जुटा हुआ है।
बेटे की तलाश में पिता पहुंचे वृंदावन
मयंक के पिता चंद्रपाल सिंह चौहान बेटे की तलाश में खुद वृंदावन पहुंचे हैं। उन्होंने संभावित स्थानों पर जाकर मयंक के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। परिजनों को उम्मीद है कि स्थानीय लोगों, पुलिस और आश्रम प्रबंधन के सहयोग से मयंक के संबंध में कोई जानकारी मिल सकती है।
आश्रम प्रबंधन और पुलिस से सहयोग की अपील
मयंक के परिजनों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन, वृंदावन के लोगों और संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम प्रबंधन से किशोर की तलाश में सहयोग की अपील की है। पिता चंद्रपाल सिंह चौहान ने लोगों से आग्रह किया है कि यदि किसी व्यक्ति को मयंक के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो वह तत्काल पुलिस या परिवार को सूचित करे।
परिजनों के अनुसार, मयंक के लापता होने के बाद से परिवार उसकी तलाश में लगातार प्रयास कर रहा है। मामले में पुलिस स्तर पर भी आवश्यक छानबीन की जा रही है। फिलहाल परिवार को मयंक के सुरक्षित वापस लौटने का इंतजार है।