
रिपोर्ट -बोबी ठाकुर
कासगंज। ढोलना थाना क्षेत्र के नगला मोती गांव में रविवार शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के अंदर खूंटी से फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान नगला मोती निवासी प्रवेंद्र की 24 वर्षीय पत्नी खुशबू के रूप में हुई है। घर में उसका शव लटका मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
खुशबू की मौत की जानकारी मिलने पर उसके मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि दहेज को लेकर खुशबू को परेशान किया जा रहा था। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए ढोलना थाना प्रभारी अवधेश भदौरिया ने उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद सीओ सिटी आंचल चौहान मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों से जानकारी ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, विवाहिता की मौत के मामले की जांच की जा रही है। मायके पक्ष की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।