
कासगंज। जनपद के ढोलना थाना क्षेत्र के ग्राम बिलराम में शुक्रवार शाम घर में घुसकर मारपीट और युवतियों के साथ छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दो लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने बिलराम चौकी प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथरस जनपद के कचौरा हिम्मतपुर निवासी विनोद कुमार पुत्र यादकरन शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे अपनी बेटी की ससुराल ग्राम बिलराम पहुंचे थे। उनके साथ यशोदा, निशा, कुमकुम, विकास, करन और राज सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसी दौरान सुखवीर, उसका भाई दिनेश, बहन रिंकी, टिंकू, सोनू, सुरेश और कुछ अज्ञात लोग शराब के नशे में घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी और युवतियों के साथ छेड़छाड़ की।
इस दौरान आरोपियों की ओर से लाठी-डंडों से किए गए हमले में यशोदा के बाएं हाथ और सिर में चोटें आईं, जबकि करन के सिर में लाठी लगने से गंभीर चोट आई और उसका सिर फट गया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष में दहशत का माहौल है।
विनोद कुमार ने बिलराम चौकी प्रभारी को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर घटना की जानकारी दी है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस की ओर से मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।