AKTU ने अभ्यर्थियों को दी राहत: बीटेक में प्रवेश के लिए पंजीकरण अब 30 जून तक, काउंसलिंग का पहला चरण 4 जुलाई से शुरू

लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय से संबद्ध इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीटेक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए चल रही पंजीकरण प्रक्रिया की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले अभ्यर्थियों को 22 जून तक पंजीकरण का अवसर दिया गया था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 30 जून कर दिया गया है। विश्वविद्यालय के इस निर्णय से उन छात्रों को राहत मिलेगी जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन नहीं कर सके थे।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, पांच मुख्य एवं दो विशेष चरणों में काउंसलिंग प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। पहले चरण में अभ्यर्थी 4 जुलाई से 7 जुलाई तक ऑनलाइन च्वाइस फिलिंग एवं लॉकिंग कर सकेंगे। इसके बाद 9 जुलाई को सीट आवंटन (सीट अलॉटमेंट) किया जाएगा। आवंटित सीट की पुष्टि, सीट फ्रीज और सीट फ्लोट की प्रक्रिया 9 जुलाई से 12 जुलाई तक चलेगी।

दूसरे चरण की काउंसलिंग में अभ्यर्थी 13 और 14 जुलाई को च्वाइस फिलिंग कर सकेंगे। इस चरण का सीट आवंटन 16 जुलाई को होगा। सीट कन्फर्मेशन शुल्क जमा करने तथा सीट फ्रीज एवं फ्लोट करने की प्रक्रिया 16 से 18 जुलाई तक संचालित होगी।

तीसरे चरण में ऑनलाइन च्वाइस लॉकिंग 19 और 20 जुलाई को होगी, जबकि सीट आवंटन 22 जुलाई को जारी किया जाएगा। इस चरण में सीट कन्फर्मेशन शुल्क जमा करने और सीट फ्रीज अथवा फ्लोट करने की सुविधा 22 एवं 23 जुलाई तक उपलब्ध रहेगी।

चौथे चरण में सीट आवंटन 24 जुलाई को

काउंसलिंग के चौथे चरण में सीट आवंटन 24 जुलाई को किया जाएगा। इसके बाद अभ्यर्थी 24 से 26 जुलाई तक सीट कन्फर्मेशन शुल्क जमा कर सकेंगे। वहीं, ऑनलाइन सीट विदड्रॉल (सीट वापस लेने) की सुविधा 24 से 29 जुलाई तक उपलब्ध रहेगी। पहले चार चरणों में सीट लॉक करने वाले अभ्यर्थियों को 27 से 29 जुलाई के बीच संबंधित संस्थानों में फिजिकल रिपोर्टिंग करनी होगी।

95 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण

बीटेक प्रवेश प्रक्रिया में छात्रों की रुचि लगातार बनी हुई है। विश्वविद्यालय के आंकड़ों के अनुसार अब तक करीब 95 हजार अभ्यर्थी पंजीकरण करा चुके हैं। पंजीकरण की तिथि बढ़ने के बाद इस संख्या में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।