अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी पर बोले अखिलेश- SIT का मतलब शेयर इन थेफ्ट

लखनऊ। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में चढ़ावा चोरी का महापाप हुआ है और इस मामले में गठित एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट सौंप दी गई है। अखिलेश ने एसआईटी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एसआईटी का मतलब शेयर इन थेफ्ट यानी चोरी में हिस्सेदारी है। उन्होंने मामले में अब तक एफआईआर दर्ज न होने को लेकर भी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि देशभर से करोड़ों श्रद्धालुओं ने राम मंदिर में दर्शन के दौरान दान और चढ़ावा अर्पित किया है। उन्होंने दावा किया कि यदि प्रदेश के प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र से औसतन 10 करोड़ रुपये का चढ़ावा माना जाए तो यह राशि करीब 800 करोड़ रुपये तक पहुंचती है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग गुप्तदान भी करते हैं, लेकिन अब यदि ऐसे दानदाता सवाल उठाएंगे तो उनके घरों तक ईडी और सीबीआई पहुंच सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस गंभीर मामले में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है।

मध्य प्रदेश के जमीन घोटाले और सांसदों को लेकर भी भाजपा पर साधा निशाना

मध्य प्रदेश में कथित जमीन घोटाले को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि वहां सत्ता के दो इंजन आपस में टकरा रहे हैं, इसलिए इस तरह की खबरें सामने आ रही हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी द्वारा अन्य दलों के सांसदों को अपने पक्ष में करने के प्रयासों पर उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान बदलना चाहती है, इसलिए सांसदों की संख्या बढ़ाने में जुटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी आदिवासी समाज के अधिकारों का हनन कर रही है। साथ ही कहा कि प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर आदिवासी समाज को जल, जंगल और जमीन पर पूरा अधिकार दिया जाएगा।