छठ की आस्था के स्वागत में सजेंगे घाट, कुड़िया घाट पहुंचे ए.के. शर्मा ने परखी तैयारियां

लखनऊ, 10 नवंबर। छठ महापर्व पर आस्था का सैलाब उमड़ने से पहले राजधानी के घाटों को सजाने-संवारने की कवायद तेज हो गई है। व्रतियों और श्रद्धालुओं के स्वागत में घाटों पर सफाई से लेकर रोशनी और आवागमन तक की व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। सोमवार को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कुड़िया घाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री की नजर घाटों की साफ-सफाई, दीवारों पर होने वाली चित्रकारी और प्रकाश व्यवस्था पर रही। उन्होंने कहा कि छठ केवल पूजा का पर्व नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। ऐसे में श्रद्धालुओं को ऐसा माहौल मिलना चाहिए, जहां वे बिना किसी परेशानी के पूरी श्रद्धा के साथ पूजा कर सकें।

घाट तक पहुंचने का रास्ता भी मंत्री के निरीक्षण का अहम हिस्सा रहा। उन्होंने शिव मंदिर घाट से मुख्य सड़क तक बनाए जा रहे मार्ग का जायजा लिया और निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। रास्ते की गुणवत्ता और सुगमता दोनों का ध्यान रखा जाए।

मंत्री ने अधिकारियों को साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा और आवागमन की व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें। तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि छठ महापर्व पर व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें। घाटों को स्वच्छ और आकर्षक बनाने के साथ व्यवस्थाओं को ऐसा स्वरूप दिया जाए, जिससे पर्व के दौरान किसी को असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार समेत नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।