राजघाट महायज्ञ में भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर

अयोध्या। राजघाट स्थित बाटी वाले बाबा घाट के निकट चल रहे श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
बताया जा रहा है कि यह महायज्ञ स्वामी जीयर जी महाराज के सानिध्य में आयोजित किया जा रहा था, जिसकी अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह कर रहे थे। घटना के समय मंत्री दयाशंकर सिंह मौके पर मौजूद थे। उनके साथ गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और हालात का जायजा लेते रहे।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया गया। फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम द्वारा मौके पर राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही महायज्ञ स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, हालांकि समय रहते प्रशासन और दमकल टीम की सक्रियता से स्थिति को संभालने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है।