गोपिया बैराज परिसर से लाखों की सागौन लकड़ी चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल


बहराइच जिले के गोपिया बैराज स्थित सरयू नहर परियोजना कार्यालय परिसर से लाखों रुपये मूल्य की सागौन की लकड़ी चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर बीती 22 मई की रात परिसर में लगे तीन बेशकीमती सागौन के पेड़ों को काटकर लकड़ी सहित फरार हो गए। घटना के बाद विभागीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामला मिहींपुरवा तहसील के मोतीपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार देर रात अज्ञात चोर सरयू नहर परियोजना कार्यालय परिसर में घुसे और वहां लगे सागौन के तीन बड़े पेड़ों को काट लिया। सुबह जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो पेड़ों के कटे अवशेष देखकर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल विभागीय अधिकारियों को दी गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर परियोजना परिसर और आसपास लगे कीमती पेड़ों की चोरी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया। लोगों ने आशंका जताई कि इतनी बड़ी वारदात बिना रेकी और किसी की मिलीभगत के संभव नहीं हो सकती। सरकारी परिसर से पेड़ों की चोरी होने से विभागीय निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मामले में सरयू नहर खंड के अधिशासी अभियंता मलखान सिंह ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए मोतीपुर थाने में तहरीर दे दी गई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा चोरी में इस्तेमाल वाहन और संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है।