रस्सी के झूलता मिला युवक का शव, पुलिस हर पहलू से कर रही घटना की जांच।

टिकैतनगर बाराबंकी। टिकैतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रायपुर गांव में सोमवार देर रात एक युवक का शव दुप्पटे के सहारे घर के पीछे बने टीन शेड में लटकता हुआ मिला। सबसे पहले परिजनों ने शव को देखा जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। देर रात पुलिस ने सभी औपचारिकता पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान ऋषभ उर्फ सत्यम (24) पुत्र विनोद अवस्थी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात तक जब मृतक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने मृतक की तलाश शुरू की आस पास और गांव में तलाश के बाद भी मृतक का पता न चला तो आखिर में परिजन घर के पीछे बने टीन शेड में पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर उन सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई। सत्यम का शव दुप्पटे के सहारे टीन शेड से लटक रहा था।

परिजनों के रोने पीटने की आवाज़ से पड़ोसी भी वहां पहुंचे जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। देर रात लगभग 11 बजे पहुंची पुलिस ने शव के पंचनामा की औपचारिकता पूरी करकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। एस.एच. ओ थाना टिकैतनगर मनोज कुमार ने बताया कि हर पहलू से घटना की जांच की जा रही है साथ ही परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे है। मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा पी.एम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही पुलिस द्वारा की जा रही है।