बाराबंकी, । बाराबंकी के पूर्व विधान परिषद सदस्य हरगोविंद सिंह की पहल पर संचालित होने वाली निःशुल्क रामरथ सेवा का सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ से विधिवत शुभारंभ किया गया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय ने भगवा ध्वज दिखाकर रामरथ को रवाना किया। इस सेवा के माध्यम से बाराबंकी के प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम, रामनगर से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, अयोध्या धाम तक श्रद्धालुओं को प्रतिदिन निःशुल्क एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

शुभारंभ समारोह में भाजपा के प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी, उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ला तथा भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने रामरथ सेवा की सराहना करते हुए इसे श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह को इस जनसेवा के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के प्रयासों से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का तेजी से विकास हुआ है। अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में लोधेश्वर धाम और अयोध्या धाम के बीच निःशुल्क परिवहन सेवा शुरू होने से दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी और दोनों तीर्थस्थलों के बीच आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुगम होगा।
पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह ने बताया कि रामरथ सेवा पूरी तरह निःशुल्क होगी तथा प्रतिदिन निर्धारित समय पर लोधेश्वर धाम से अयोध्या धाम के लिए संचालित की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य श्रद्धालुओं को बिना किसी आर्थिक बोझ के सुरक्षित, सरल और सम्मानजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सेवा प्रदेश ही नहीं, देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी उपयोगी साबित होगी।
समारोह के दौरान भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि समाज सेवा और धार्मिक आस्था को जोड़ने वाले ऐसे प्रयास जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में इस सेवा का दायरा और अधिक विस्तृत होगा, जिससे अधिकाधिक श्रद्धालु लाभान्वित हो सकेंगे।
कार्यक्रम के अंत में “जय श्रीराम” के उद्घोष के बीच रामरथ को विधिवत रवाना किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने इस सेवा के सफल संचालन की कामना करते हुए इसे आस्था, सेवा और जनसहयोग का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।