कोसीकलां (मथुरा)। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एसपीएस इंटरनेशनल अकादमी, कोसीकलां के होनहार छात्र मोहित ने देश की प्रतिष्ठित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) प्रवेश परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 20वीं रैंक प्राप्त कर अपने माता-पिता, विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वहीं विद्यालय की कक्षा 10 की छात्रा छवि ने कक्षा 11 में प्रवेश के लिए आयोजित जवाहर नवोदय विद्यालय की चयन परीक्षा उत्तीर्ण कर एक और उपलब्धि विद्यालय के नाम दर्ज कराई है।

दोनों विद्यार्थियों की शानदार सफलता से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के अध्यक्ष, प्रधानाचार्य और समस्त स्टाफ ने कहा कि मोहित की मेहनत, अनुशासन और निरंतर लगन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है।
मोहित ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय में मिले उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, समय का सही प्रबंधन और आत्मविश्वास उनकी सफलता के प्रमुख आधार रहे।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने भी मोहित और छवि को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।