कांवड़ यात्रा की तैयारियों का एडीजी आगरा जोन ने लिया जायजा, कानून-व्यवस्था की समीक्षा

कासगंज। आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक एस.के. भगत ने सोमवार को जनपद कासगंज का एक दिवसीय आधिकारिक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एडीजी एस.के. भगत दोपहर में पुलिस लाइन कासगंज पहुंचे, जहां उन्होंने सलामी ग्रहण की। इसके बाद वह सोरों पहुंचे और पुलिस उपमहानिरीक्षक अलीगढ़ परिक्षेत्र प्रभाकर चौधरी तथा पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के साथ लहरा घाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा के निर्धारित मार्ग, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रबंधों का बारीकी से जायजा लिया।

सोरों घाट के निरीक्षण के बाद अपर पुलिस महानिदेशक पुलिस कार्यालय कासगंज पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक अलीगढ़ परिक्षेत्र प्रभाकर चौधरी, पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ.पी. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी आर.के. तिवारी सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।