
बिलग्राम, हरदोई। बिलग्राम के सिटी पब्लिक स्कूल में आयोजित तहसील स्तरीय चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में तहसील क्षेत्र के 25 स्कूलों के 125 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने ‘विकसित भारत’ की कल्पना को रंगों के जरिए कागज पर उतारा।
छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मक कौशल का प्रदर्शन करते हुए एक से बढ़कर एक चित्र बनाए। बच्चों की ओर से बनाए गए चित्रों में विकसित भारत की तस्वीर के साथ देश की प्रगति, आधुनिकता और भविष्य की झलक दिखाई दी।
इसी क्रम में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने और भारत को विश्वगुरु बनाने के संकल्प पर अपने विचार रखे। बच्चों ने भाषण के माध्यम से देश के विकास, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को लेकर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक आशीष सिंह आंशू ने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाती हैं। विधायक ने प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में बच्चों के प्रदर्शन और उन्हें दिए जा रहे संस्कारों की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि भाषण और चित्रकला जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अपनी बात रखने, सोच विकसित करने और देश के प्रति जिम्मेदारी का भाव समझने का अवसर मिलता है।
सिटी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक प्रदीप यादव ने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों के सहयोग से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यालयों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।