आध्यात्म गुरू के दर्शन के लिए पहुंचे भाजपा सासंद

विहसंत सागर जी महाराज से आशीर्वाद लेते सासंद

डॉ. रामशंकर कठेरिया एक किसान नेता हैं, किसानों के लिए किया काम: विहसंत सागर जी

सांसद से समाज के लोगों ने की जैन तीर्थ सोनागिर जी में इंटरसिटी लिंक ट्रेन का स्टॉपेज करवाने की मांग

इटावा। 108 गणाचार्य श्री विरागसागर जी महाराज के परमप्रिय शिष्य और आध्यात्म गुरू 108 मुनि श्री विहसंतसागर जी महाराज (ससंघ) का श्री पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर लालपुरा में वर्षायोग सम्पन्न हो रहा है। मुनि श्री के सानिध्य का लाभ सिर्फ जैन समाज को ही नहीं अपितु सर्व समाज को मिल रहा है।

मुनि श्री के प्रवचनों से सर्वसमाज लाभान्वित हो रहा है। प्रवचन कार्यक्रम की शुरूआत भाजपा संसद डॉ. रामशंकर कठेरिया, समाज के अध्यक्ष संजू जैन (ठेकेदार) और महेश रपरिया ने आध्यात्म गुरू का आर्शीवाद प्राप्त कर 108 गणाचार्य श्री विरागसागर जी महाराज के चित्र का अनावरण व दीप प्रज्जवलित करके की।

इसके उपरांत आध्यात्म गुरू विहसंत सागर जी महाराज ने प्रवचन करते हुए कहा कि आत्मा के तीन प्रकार हैं। अंतरात्मा, बहिरात्मा और परमात्मा। १००८ आदिनाथ भगवान ने सूत्र दिया था कि ‘ऋषि बनो या कृषि बनो’।

पंडित दुखी है क्योंकि भगवान नहीं मिलता, मुल्ला दुखी है क्योंकि रहमान नहीं मिलता,

हम इंसानों की बस्ती में खोज रहे हैं, आगे बढऩे पर एक सच्चा इंसान नहीं मिलता।

आध्यात्म गुरू ने अपने प्रवचन में कहा कि शराबी का शराब त्याग कराना भी एक धर्म है। प्यासे को पानी पिलाना भी एक धर्म है। महाराज जी ने कहा कि भाजपा सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया एक किसान नेता हैं, उन्होंने किसानों की बेहतरी और उन्नति के लिए हमेशा प्रयास किया है।

जैन समाज को सम्बोधित करते सांसद

इसके बाद डॉ. कठेरिया ने सम्बोधित करते हुए कहा कि जैन धर्म सबसे प्राचीन धर्म है। जैन धर्म में त्याग की महिमा बहुत मानी जाती है। आध्यात्म गुरू विहसंत सागर जी महाराज के दर्शन करके मन प्रसन्नता से भर गया। इसके उपरांत सासंद डॉ. रामशंकर कठेरिया ने महाराज जी को श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया।

इस दौरान सासंद डॉ. रामाशंकर कठेरिया को शॉल, पगड़ी पहनाकर व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। भाजपा नेता सभासद शरद वाजपेयी का भी सम्मान किया गया। समाज द्वारा सांसद कठेरिया से इंटरसिटी लिंक ट्रेन का सोनागिर तीर्थ क्षेत्र में स्टॉपेज करवाने की मांग की गई। जिसपर सांसद द्वारा समाज की मांग को उच्चस्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया।

इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष संजू जैन (ठेकेदार), चंद्र प्रकाश जैन, चातुर्मास कमेटी के अध्यक्ष विनोद जैन, विशाल जैन, दिलीप जैन, शैलेश जैन (पोपे), रजत जैन मीडिया प्रभारी विमल जैन, शिवम जैन, मोहित जैन सहित सकल दिगंबर जैन समाज मौजूद रहा। मंच का संचालन महावीर प्रसाद जैन ने किया।

चौधरी अभिनंदन जैन (संवाददाता, इटावा)