भरत मिलाप के साथ श्रीराम का राज्याभिषेक संपन्न, श्रवण कुमार नाटक ने मोहा मन

रामनगर, बाराबंकी। अशोकपुर चाचू सराय में आयोजित पांच दिवसीय विराट दशहरा मेला एवं रामलीला के अंतिम दिन भरत मिलाप के साथ भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और धार्मिक आयोजनों ने लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केपी तिवारी ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर सदैव सही मार्ग पर चलना चाहिए। रामलीला देखने की सार्थकता तभी है, जब व्यक्ति भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों का अनुसरण करे।

राज्याभिषेक समारोह के बाद डॉ. सुरेश चंद्र शर्मा के निर्देशन में संस्था निसर्ग, लखनऊ के अध्यक्ष ललित सिंह पोखरियाल की प्रस्तुति में मातृ-पितृ भक्ति एवं श्रवण कुमार नाटक का मंचन किया गया। बाल कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। नाटक के माध्यम से माता-पिता के प्रति सम्मान, सेवा और समर्पण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में विकास श्रीवास्तव, राकेश ट्रेडर्स के राकेश वर्मा, शुभम अवस्थी, रवि शर्मा, गोविंद शर्मा और अनिल कुमार वर्मा उर्फ लप्पू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

समिति के अध्यक्ष मोहम्मद इरफान ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। वहीं, समिति के महामंत्री एवं निर्देशक डॉ. सुरेश चंद्र शर्मा ने सभी अतिथियों, कलाकारों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।