Canada Crime News: Edmonton में पंजाब की 23 वर्षीय दमनप्रीत कौर की गला घोंटकर हत्या का आरोप है। पुलिस ने पार्टनर रितेश कुमार को सेकंड-डिग्री मर्डर के आरोप में गिरफ्तार किया।

नई दिल्ली/अमर भारती। Canada Crime News: कनाडा के एडमोंटन में पंजाब की रहने वाली 23 वर्षीय भारतीय महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला की पहचान दमनप्रीत कौर के रूप में हुई है। आरोप है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई। मामले में पुलिस ने मृतका के पार्टनर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सेकंड-डिग्री मर्डर का केस दर्ज किया है।
दमनप्रीत कौर पंजाब के लुधियाना जिले के समराला की रहने वाली थीं। वह कनाडा में रह रही थीं। घटना के बाद उनके परिवार और परिचितों में शोक की लहर है। परिवार अब दमनप्रीत का शव अंतिम संस्कार के लिए भारत लाने की कोशिश कर रहा है।
घर में बेहोशी की हालत में मिली थी दमनप्रीत
एडमोंटन पुलिस सर्विस यानी EPS के मुताबिक, 9 जुलाई 2026 को शाम करीब 6:44 बजे सिल्वरबेरी इलाके के एक घर से पुलिस को कॉल मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक महिला बेहोशी की हालत में मिली। उसके शरीर पर चोटों के निशान भी थे। पुलिस ने मौके से एक 22 वर्षीय युवक को हिरासत में लिया। घायल महिला की हालत गंभीर थी, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा था, लेकिन तीन दिन बाद 12 जुलाई को दमनप्रीत कौर की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि
दमनप्रीत की मौत के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया गया। 14 जुलाई को हुए पोस्टमार्टम में एडमोंटन मेडिकल एग्जामिनर ऑफिस ने मौत को हत्या करार दिया। जांच में सामने आया कि दमनप्रीत की मौत गला घोंटने के कारण हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या के रूप में दर्ज करते हुए जांच तेज कर दी।
22 जुलाई को पार्टनर गिरफ्तार
जांच के बाद एडमोंटन पुलिस ने 22 जुलाई को दमनप्रीत के पार्टनर रितेश कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके खिलाफ सेकंड-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, यह मामला करीबी पार्टनर द्वारा की गई हत्या का है। फिलहाल जांच एजेंसियां इस मामले में किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं कर रही हैं। हालांकि, मामले की जांच जारी है और पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोप अदालत में साबित होना बाकी हैं।
शव भारत लाने के लिए परिवार ने शुरू किया Fundraising Campaign
दमनप्रीत कौर के परिवार के सामने अब उनकी पार्थिव देह को भारत लाने की चुनौती है। अंतिम संस्कार के लिए शव को भारत लाने में International Transportation, Documentation और Funeral Expenses का खर्च काफी अधिक है। परिवार की मदद के लिए GoFundMe Campaign शुरू किया गया है। अपील में कहा गया है कि परिवार इस बेहद दुखद समय में आर्थिक और भावनात्मक संकट से गुजर रहा है। शव को भारत लाने और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने के लिए लोगों से आर्थिक सहयोग की अपील की गई है।
दमनप्रीत कौर की मौत ने कनाडा में रह रहे भारतीय समुदाय को भी झकझोर दिया है। एक युवा भारतीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और उसके पार्टनर की गिरफ्तारी के बाद इस मामले की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं। अब अदालत की कार्यवाही और पुलिस जांच से यह स्पष्ट होगा कि 23 वर्षीय दमनप्रीत की हत्या के पीछे पूरा घटनाक्रम क्या था।