अकबरपुर’ का नाम बदला, बोर्ड पर लिखा रघुवरपुर, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

चौमुहां।नेशनल हाईवे 19 पर स्थित ब्लॉक चौमुहां के गांव अकबरपुर का नाम कथित तौर पर अज्ञात लोगों ने बदल दिया है। गांव और हाईवे के किनारे लगे सरकारी सूचना बोर्डों पर स्याही या पेंट से ‘अकबरपुर’ मिटाकर उसकी जगह नया नाम ‘रघुवरपुर’ लिख दिया गया।

यह घटना धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सार्वजनिक बयान के कुछ ही दिनों बाद सामने आई, जिसने क्षेत्र में नया विवाद खड़ा कर दिया। हाल ही में शास्त्री ने दिल्ली से वृंदावन के लिए ‘सनातन एकता पदयात्रा’ निकाली थी। मथुरा के छाता क्षेत्र से यात्रा शुरू होने के दौरान जब उन्हें अगले पड़ाव के रूप में ‘अकबरपुर’ का नाम बताया गया, तो उन्होंने नाम पर आपत्ति जताई और कहा कि इसे ‘रघुवरपुर’ होना चाहिए।

धीरेंद्र शास्त्री के इस बयान के ठीक बाद अज्ञात लोगों द्वारा बोर्डों पर नाम बदलने की यह कार्रवाई हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे स्थानीय प्रशासन को तत्काल कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ा।

स्थानीय थाना अध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा सरकारी संपत्ति के साथ छेड़छाड़ की गई है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही, बदले गए बोर्डों को मूल स्वरूप में लाने का कार्य भी किया जा रहा है।

घटना के बाद इलाके में मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिली है। कुछ वर्ग इसे समर्थन दे रहे हैं, जबकि प्रशासन और कानून व्यवस्था बनाए रखने वालों के लिए यह एक चुनौती बन गई है कि किन लोगों ने और किस उद्देश्य से सरकारी बोर्डों के साथ छेड़छाड़ कर नाम बदला।