सीयूईटी में सीएमएस छात्रों का शानदार प्रदर्शन, तीन छात्रों ने हासिल किए 100 परसेंटाइल


लखनऊ। सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) के छात्रों ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर लखनऊ का गौरव बढ़ाया है। मंगलवार को घोषित परीक्षा परिणामों में सीएमएस के 84 छात्रों ने सफलता हासिल की, जबकि 25 छात्रों ने विभिन्न विषयों में 99 परसेंटाइल से अधिक अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
सीएमएस की छात्रा छवि मिश्रा ने इकोनॉमिक्स और साइकोलॉजी में, तेजस्वी कुशवाहा ने इकोनॉमिक्स में तथा वैभव शर्मा ने केमिस्ट्री में 100 परसेंटाइल प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इसके अलावा संस्कृति चंदेल, वैभवी श्रीवास्तव और तहामी नदीम ने पांच विषयों के कुल 1250 अंकों में से 1000 से अधिक अंक अर्जित किए। संस्कृति चंदेल ने चार विषयों में जबकि वैभवी श्रीवास्तव ने तीन विषयों में 99 परसेंटाइल से अधिक अंक प्राप्त किए।
सीएमएस की संस्थापिका-निदेशिका डॉ. भारती गांधी ने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं विद्यालय की प्रबंधक प्रो. गीता गांधी किंगडन ने इस उपलब्धि का श्रेय छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
सीएमएस के हेड कम्युनिकेशन्स ऋषि खन्ना ने बताया कि ओमिशा त्रिपाठी, लक्ष्य त्रिपाठी, उत्कर्ष गुप्ता और जश्न गुप्ता ने विभिन्न विषयों में 99 परसेंटाइल से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। वहीं अमृतांश पांडेय और सक्षम गुप्ता ने क्रमशः गणित, फिजिक्स और केमिस्ट्री में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इसके अलावा चार्वी सक्सेना, अवनि केसरवानी, तहामी नदीम, आरीफा इदरीश, स्वास्तिका मिश्रा, गरिमा जैन, सर्वांगी मिश्रा और गौरांगी सिंह ने इंग्लिश विषय में 99 परसेंटाइल से अधिक अंक हासिल किए। वहीं प्रांजल मिश्रा, धनंजय चौधरी, शालीन त्रिपाठी और अलंकृता सिंह ने जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट में 99 परसेंटाइल से अधिक अंक प्राप्त किए। ऋषि राज शुक्ला ने कंप्यूटर और समृद्धि गुप्ता ने पॉलिटिकल साइंस में 99 परसेंटाइल से अधिक अंक अर्जित किए।
ऋषि खन्ना ने बताया कि सीएमएस छात्रों को उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए बेहतर मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करता है। यही कारण है कि विद्यालय के छात्र प्रतिवर्ष आईएएस, पीसीएस, जेईई, नीट, क्लैट, सीए और सीयूईटी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल कर प्रदेश और देश में अपनी पहचान बना रहे हैं।