पुणे के लोहागढ़ किले में बिल्डर केतन अग्रवाल की मौत के मामले में बड़ा खुलासा। मंगेतर सिया गोयल और प्रेमी चेतन चौधरी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप।

नई दिल्ली/अमर भारती। महाराष्ट्र के पुणे स्थित लोहागढ़ किले में बिल्डर केतन अग्रवाल की संदिग्ध मौत के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। शुरुआत में ट्रेकिंग के दौरान हुई एक दुर्घटना समझे जा रहे इस मामले ने अब हत्या और आपराधिक साजिश का रूप ले लिया है। पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।
हुडी पहने युवक ने बढ़ाया शक
पुलिस के अनुसार, लोहागढ़ किले के टिकट काउंटर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। फुटेज में केतन और सिया के पीछे कुछ दूरी पर एक युवक लगातार चलता नजर आया। उसने शॉर्ट्स और हुडी पहन रखी थी तथा हुडी को इस तरह नीचे खींचा था कि उसका चेहरा दिखाई नहीं दे रहा था। जांच अधिकारियों को यह बात इसलिए भी संदिग्ध लगी क्योंकि घटना वाले दिन तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस था। फुटेज में एक स्थान पर सिया अचानक पीछे मुड़कर देखती है और उसी समय वह युवक नीचे बैठ जाता है। इसी व्यवहार ने पुलिस का ध्यान इस दिशा में केंद्रित किया।
पहले हादसा समझा गया था मामला
18 जून को केतन अग्रवाल ट्रेकिंग के लिए लोहागढ़ किला गए थे। उनकी मौत के बाद सिया ने परिवार को बताया कि ट्रेकिंग के दौरान उनका पैर फिसल गया था, जिससे वह खाई में गिर गए। इसी आधार पर शुरुआती तौर पर मामला दुर्घटनावश मौत का दर्ज किया गया था। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को कई ऐसे तथ्य मिले जिन्होंने पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े कर दिए।
शादी को लेकर जताई थी हिचकिचाहट
पुलिस पूछताछ में केतन के परिजनों ने बताया कि सिया ने कई बार शादी टालने की इच्छा जताई थी। फरवरी में दोनों की सगाई हुई थी और नवंबर में उदयपुर में भव्य विवाह समारोह की तैयारी चल रही थी। परिवार ने शादी के लिए एक महल भी बुक किया था। जांच में यह भी सामने आया कि सिया लगातार केतन को लोहागढ़ किला चलने के लिए कहती थी। 31 मई को वह उसे वहां लेकर गई थी। इसके बाद 4 जून और फिर 14 जून को भी उसने वहां जाने का दबाव बनाया।
पहले भी की गई थी धक्का देने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, 14 जून को सिया ने कथित तौर पर केतन को चट्टान से नीचे धकेलने की कोशिश की थी। हालांकि केतन एक झाड़ी पकड़कर बच गया। जब उसे शक हुआ तो सिया ने सांप दिखने का बहाना बनाकर स्थिति संभालने की कोशिश की। जांचकर्ताओं का मानना है कि यह हत्या की पहली असफल कोशिश थी।
कॉल डिटेल रिकॉर्ड से खुला पूरा खेल
मामले में बड़ा मोड़ तब आया जब पुलिस ने सिया के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और डिजिटल कम्युनिकेशन डेटा की जांच की। इसमें पता चला कि वह लगातार एक युवक के संपर्क में थी, जिसकी पहचान बाद में चेतन चौधरी के रूप में हुई। सोशल मीडिया प्रोफाइल और तस्वीरों की जांच के बाद पुलिस ने चेतन की तस्वीरों का मिलान सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे हुडी पहने युवक से किया। तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में सामने आई साजिश
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि सिया और चेतन एक-दूसरे के साथ संबंध में थे और केतन से शादी नहीं करना चाहते थे। हालांकि सिया सगाई तोड़ने या घर से भागने के पक्ष में नहीं थी क्योंकि उसे परिवार की बदनामी का डर था। इसी कारण दोनों ने कथित रूप से केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस का दावा है कि उपलब्ध तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्य इस सुनियोजित हत्या की ओर इशारा करते हैं। फिलहाल पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश की धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
यहां भी पढ़ें-