देवरिया। जनपद देवरिया में पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित हाई स्पीड डीजल जब्त किया है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देशन में चलाए जा रहे औचक निरीक्षण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
उपजिलाधिकारी रुद्रपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने ग्राम जोगिया खुर्द में छापेमारी कर पहले वीरबहादुर यादव के पक्के मकान से 15 प्लास्टिक ड्रम (प्रत्येक 200 लीटर क्षमता) में लगभग 3000 लीटर हाई स्पीड डीजल बरामद किया। मौके पर किसी भी प्रकार के वैध अभिलेख या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

इसके बाद टीम ने दोपहर बाद करीब 3 बजे उसी गांव में रामानंद यादव के यहां छापा मारा, जहां से 3 ड्रम में लगभग 550 लीटर डीजल बरामद हुआ। यहां भी भंडारण के संबंध में कोई वैध अनुमति नहीं पाई गई।
जांच में स्पष्ट हुआ कि दोनों मामलों में हाई स्पीड डीजल का अवैध भंडारण किया जा रहा था, जो हाई स्पीड डीजल (आवंटन एवं नियंत्रण) आदेश, 1981 का उल्लंघन है। साथ ही यह कृत्य आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।

मौके से बरामद डीजल को कब्जे में लेकर थाना कोतवाली रुद्रपुर की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने स्पष्ट कहा कि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने और नियमित जांच अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।