
धौरहरा कोतवाली में नवागत थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा ने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं और पत्रकारों के साथ पहली परिचयात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता जताई। इस पर थाना प्रभारी निरीक्षक ने भरोसा दिलाया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता के सहयोग से क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
थाना प्रभारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता होगी और कोई भी व्यक्ति बिना संकोच सीधे उनसे संपर्क कर सकता है। शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
आगामी बकरीद को लेकर उन्होंने सभी धर्मगुरुओं और नागरिकों से आपसी भाईचारा, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी त्योहार शांति और सद्भाव के साथ मनाए जाएं, यही पुलिस प्रशासन की मंशा है।
इसके साथ ही थाना प्रभारी ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद और समन्वय बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।